पाकिस्तान के अरशद नदीम को गोल्ड जीतने पर मिली भैंस, ससुर ने किया गिफ्ट

Paris Olympic 2024: पेरिस ओलिंपिक में गोल्ड जीतने के बाद अरशद नदीम पर इनामों की बौछार हो रही है। इसी दौरान उन्हें ससुराल से भी एक गिफ्ट मिला है। उनके ससुर जी ने भैंस गिफ्ट की है। नदीम ओलिंपिक में गोल्ड जीतने वाले पाकिस्तान के पहले ट्रैक एवं फील्ड खिलाड़ी भी हैं। पेरिस से पाकिस्तान लौटने पर अरशद नदीम का एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया

अपडेटेड Aug 12, 2024 पर 4:08 PM
Paris Olympic 2024: ग्रामीण इलाकों में भैंस गिफ्ट करने की भी परंपरा है। इसे सम्मानजनक माना जाता है।

पाकिस्‍तान के जेवलिन थ्रोअर अरशद नदीम ने पेरिस ओलिंपिक 2024 में गोल्‍ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। अरशद ने ओलिंपिक 2024 में रिकॉर्ड 92.97 मीटर की दूरी पर भाला फेंककर गोल्‍ड मेडल अपने नाम किया है। इस थ्रो के कारण अरशद ने भारतीय जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा को दूसरे स्‍थान पर पहुंचा दिया था। अब पाकिस्तान समेत पूरी दुनिया में अरशद छा गए हैं। पाकिस्तान पहुंचते ही उनका खूब स्वागत हो रहा है। इसके साथ ही उन पर इनामों की बौछार भी हो रही है। जब वो अपने गांव गए तो वहां भी उनके स्वागत में कोई कमी नहीं दिखी। उनके ससुराल वालों की तरफ से उन्हें गोल्ड मेडल जीतकर लाने की खुशी में भैंस भेंट की गई।

नदीम ने पेरिस में भाला फेंक स्पर्धा में 92.97 मीटर के ओलंपिक रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता, जिसमें भारत के नीरज चोपड़ा दूसरे स्थान पर रहे। ग्रामीण इलाकों में भैंस उपहार में देना ‘बहुत मूल्यवान’ और ‘सम्मानजनक' माना जाता है।

मुश्किलों भरा रहा अरशद नदीम का सफर


अरशद नदीम के ससुर मुहम्मद नवाज ने कहा कि नदीम को अपनी जड़ों पर बहुत गर्व है। सफलता के बावजूद, उनका घर अब भी उनका गांव है और वह अब भी अपने माता-पिता और भाइयों के साथ रहते हैं। अरशद नदीम पंजाब के खानेवाल के ग्रामीण इलाके से आते हैं। नदीम के पास ट्रेनिंग लेने और प्रतियोगिताओं के लिए विदेश यात्रा करने के लिए बहुत सीमित साधन थे। गांव के साथियों और रिश्तेदारों ने पैसे दान किए, जिससे वे अपने शुरुआती दिनों में विदेश में जाकर कॉम्पटीशन में हिस्सा ले सके। नवाज ने आगे बताया कि वो नदीम की सफलता और प्रसिद्धि से बहुत खुश हैं। भाला फेंक खिलाड़ी, जो देश का पहला व्यक्तिगत पदक विजेता बना, सभी के प्रति बहुत सम्मान है। अरशद नदीम के तीन बच्चे हैं। उनके दो बेटे गांव के प्राथमिक स्कूल में पढ़ते हैं। तीसरा बच्चा अभी काफी छोटा है।

ससुराल के सबसे छोटे दामाद हैं अरशद नदीम

नवाज के मुताबिक वो उनके सबसे छोटे दामाद हैं। उन्होंने कहा कि उनके 4 बेटे और 3 बेटियां हैं, जिनमें सबसे छोटी बेटी आयशा की शादी नदीम से हुई है। ससुर जी ने आगे बताया कि जब उन्होंने अपनी छोटी बेटी की शादी नदीम से करने का फैसला किया तो उस वक्त वो छोटी-मोटी नौकरियां करते थे। लेकिन, अपने खेल के प्रति वो शुरू से ही बेहद जुनूनी थे। वो खेतों में भाला फेंकने का अभ्यास किया करते थे।

स्वदेश वापसी पर नदीम का भव्य स्वागत

पाकिस्तान के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अरशद नदीम का स्वदेश वापसी पर प्रशंसकों ने जोरदार स्वागत किया गया। वह अपने परिवार से मुलाकात के दौरान काफी भावुक नजर आए। नदीम जब यहां पहुंचे तो उनका स्वागत ‘वाटर कैनन सैल्यूट’ से किया गया। यह एक राष्ट्रीय नायक का स्वागत था क्योंकि हजारों प्रशंसक नदीम की एक झलक पाने के लिए बेताब थे। धक्का-मुक्की के बीच उनके नाम के नारे लगा रहे थे।

Video: पाकिस्तानी प्रेमी के साथ गर्लफ्रेंड कर रही थी भारत की बुराई, कैब ड्राइवर ने आधी रात को कार से उतारा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।