भारत और पाकिस्तान के रिश्ते किस तरह के हैं, यह बताने की जरूरत नहीं है। जब भी दोनों देश आमने-सामने आते हैं, तो कोई न कोई विवाद जरूर होता है। हालांकि, इस बार विवाद देशों की वजह से नहीं बल्कि देश के नागरिकों के बीच है। दरअसल, मामला कुछ यूं है कि राजधानी दिल्ली में एक कैब ड्राइवर की पाकिस्तानी मूल के व्यक्ति और उसकी गर्लफ्रेंड से कहासुनी हो गई। इसके बाद कैब ड्राइवर ने रात करीब 12 बजे पाकिस्तानी नागरिक और उसकी गर्लफ्रेंड को बीच सड़क पर कार से उतार दिया।
पाकिस्तानी प्रेमी ने भारत और दिल्ली का अपमान करते हुए कुछ बातें कही थीं, जो कैब ड्राइवर को पसंद नहीं आई। इस कारण उसने प्रेमी जोड़े को बीच सड़क पर उतार दिया और चला गया। जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कैब ड्राइवर और पाकिस्तनी प्रेमी- गर्लफ्रेंड के बीच हुआ विवाद
देश की राजधानी में पाकिस्तानी शख्स पर भारत को भला-बुरा कहने का आरोप है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक कैब ड्राइवर एक महिला और उसके मित्र को फटकार लगा रहा है। कैब ड्राइवर का आरोप है कि पाकिस्तानी शख्स ने भारत को ‘मौकापरस्त’ कहा। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कैब ड्राइवर कह रहा है कि मैं यह बर्दाश्त नहीं करूंगा कि कोई मेरे देश का अपमान करे। कैब ड्राइवर के अनुसार, पाकिस्तानी शख्स ने कहा था कि दिल्ली में कोई शरीफ नहीं है। पाकिस्तानी शख्स की गर्लफ्रेंड ने कैब ड्राइवर को जवाब देना शुरू कर दिया और पाकिस्तानी मित्र को डिफेंड करते हुए वीडियो रिकॉर्ड करने लगी। बताया गया कि कुछ ही देर बाद तीनों में बहस इस कदर बढ़ गई कि अपशब्द कहते हुए कैब ड्राइवर ने दोनों को बीच रस्ते में ही उतार दिया और राइड कम्प्लीट करने से मना कर दिया।
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पर तमाम लोगों के कमेंट्स आ रहे हैं। एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा कि आश्चर्य की बात ये है कि भारत की लड़की पाकिस्तानियों के पक्ष में क्यों थी? एक ने लिखा कि भारत में ही रहकर भारतीय लोगों को अपशब्द कह रहा था, कैब ड्राइवर ने बिलकुल सही किया। एक अन्य ने लिखा कि दिल्ली घूमने आएं हैं, घूमकर जाएं लेकिन उलटी-सीधी बातें करके माहौल खराब करने की क्या जरूरत?