Patna Road Accident: पटना में भीषण सड़क हादसा, कपल समेत तीन की मौत, कई घायल, सांसद पप्पू यादव ने की मदद

Patna Road Accident: बिहार की राजधानी पटना में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। इसमें एक कपल समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य लोगों की हालत गंभीर है। घटना पटना के जगदेव पथ की है। एक सफारी गाड़ी ने ऑटो और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी

अपडेटेड Mar 08, 2025 पर 11:57 AM
Story continues below Advertisement
Patna Road Accident: सफारी गाड़ी ने ऑटो और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

बिहार की राजधानी पटना के एयरपोर्ट थाना के तहत जगदेव पथ पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सफारी गाड़ी ने तेज रफ्तार में ऑटो और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही कपल समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और भीषण जाम की स्थिति बन गई। वहीं, एक निजी शादी समारोह लौट रहे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने घायलों को देखा तो गाड़ी रोक दी और मदद के लिए हाथ बढ़ाया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पप्पू यादव खुद आगे बढ़कर ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। फिर अपने समर्थकों के साथ मिलकर सभी को निजी वाहन में लेकर आईजीआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि इस घटना में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोग घायल हो गए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सफारी गाड़ी ने ऑटो और बाइक को रौंदा


घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन लोग तमाशबीन बनकर मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। किसी ने उन घायलों को अस्पताल पहुंचाने की पहल नहीं की। इस वजह से कपल समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतक दंपति की पहचान एम्स नवादा निवासी अशोक कुमार (50) और उनकी पत्नी पुष्पा देवी (45) के रूप में की गई है। मृतका पुष्पा देवी के भाई धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि अशोक कुमार उनके बहनोई हैं। उनकी हार्डवेयर की दूकान है। अपने दूकान से दोनों पति-पत्नी घर लौट रहे थे। तभी जगदेव पथ स्थित पिलर नंबर 9 के पास बिहार सरकार लिखी सफारी गाड़ी ने ऑटो और उनके बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में अशोक कुमार और पुष्पा देवी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य कई लोग गंभीर रुप से घायल हो गए।

बिहार में शराब बंद, फिर ड्राइवर नशे में धुत्त

स्थानीय लोगों का कहना है कि सफारी गाड़ी का ड्राइवर नशे में धुत्त था। वो बेहद लापरवाही से वाहन चला रहा था। बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद, यह हादसा बताता है कि यह कानून सिर्फ कागजों तक सीमित है। हकीकत में, शराब से जुड़े अपराध और हादसे तेजी से बढ़ रहे हैं और प्रशासन इसे रोकने में नाकाम साबित हो रहा है। शराबबंदी के बावजूद नशे में वाहन चलाना बिहार में आम बात हो चुकी है।

लॉरेंस बिश्नोई के धमकी मामले में पप्पू यादव का बड़ा खुलासा, कहा - JDU नेता नीरज कुमार दिलवा रहे थे धमकी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।