PM मोदी ने जो बाइडेन को गिफ्ट किया चांदी का एंटीक ट्रेन मॉडल, जिल बाइडेन के लिए लेकर गए पश्मीना शॉल

PM Modi US Visit: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने विलमिंगटन में स्थित अपने आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया और दोनों नेता एक दूसरे से गले मिले। इसके बाद बाइडेन पीएम मोदी का हाथ पकड़कर उन्हें अपने घर के अंदर लेकर गए। क्वाड शिखर सम्मेलन में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी न्यूयॉर्क रवाना हो गए

अपडेटेड Sep 22, 2024 पर 12:18 PM
Story continues below Advertisement
क्वाड शिखर सम्मेलन के इतर पीएम मोदी और जो बाइडन की मुलाकात भी हुई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) इस वक्त अमेरिका में हैं। वह विलमिंगटन में क्वाड शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने और न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में एक सम्मेलन को संबोधित करने के लिए यूएस गए हैं। शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) ने डेलावेयर स्थित अपने गृहनगर विलमिंगटन में वार्षिक क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी की। इसमें ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान के प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा भी शामिल हुए।

इस दौरान क्वाड शिखर सम्मेलन के इतर पीएम मोदी और जो बाइडेन की मुलाकात भी हुई। बाइडेन ने विलमिंगटन में स्थित अपने आवास पर मोदी का स्वागत किया और दोनों नेता एक दूसरे से गले मिले। इसके बाद बाइडेन पीएम मोदी का हाथ पकड़कर उन्हें अपने घर के अंदर लेकर गए जहां द्विपक्षीय वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने आपसी हित के क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की।

बाइडेन के लिए चांदी का एंटीक ट्रेन मॉडल


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन को हाथ से उकेरी गई चांदी की एंटीक ट्रेन मॉडल गिफ्ट में दिया है। महाराष्ट्र के कारीगरों ने इसे तैयार किया है। 92.5% चांदी से बना यह मॉडल भारतीय धातु की कलात्मकता के शिखर को दर्शाता है। इसमें एनग्रेविंग, रिपोसे (हथौड़े के इस्तेमाल से पीछे से उभरे हुए डिजाइन बनाना) और जटिल फिलीग्री वर्क जैसी पारंपरिक तकनीकों के माध्यम से डिटेल्स को उकेरा गया है। यह मॉडल स्टीम लोकोमोटिव युग की याद में है।

train

जिल बाइडेन को ​गिफ्ट में पश्मीना

इसके अलावा पीएम मोदी ने अमेरिका की प्रथम महिला यानि कि जो बाइडेन की पत्नी जिल बाइडेन को पेपर माशे बॉक्स में पश्मीना शॉल गिफ्ट में दिया। जम्मू-कश्मीर की उत्कृष्ट कलाकारी का नमूना पश्मीना शॉल, पेपर माशे बॉक्स में पैक होकर आते हैं। इन बॉक्सेज को कागज के गूदे, गोंद और अन्य प्राकृतिक मैटेरियल्स के मिक्सचर से हाथ से बनाया जाता है। प्रत्येक बॉक्स कला का एक अनूठा काम है, जो कश्मीर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है।

pashmina

क्वाड शिखर सम्मेलन में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी न्यूयॉर्क रवाना हो गए। वह रविवार को न्यूयॉर्क के लॉन्ग आइलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। इसके बाद 23 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा में ‘समिट ऑफ द फ्यूचर’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर सेक्टर की दिग्गज अमेरिकी कंपनियों के सीईओ के साथ मीटिंग भी करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।