पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दो पूर्व नेताओं की विवादित टिप्पणी के खिलाफ सैकड़ों मुस्लिमों ने शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पंजाब, महाराष्ट्र, बिहार और तेलंगाना सहित देश के कई अन्य राज्यों में विरोध-प्रदर्शन किया।
निलंबित BJP नेता नुपुर शर्मा और निष्कासित नेता नवीन जिंदल की भड़काऊ टिप्पणी के खिलाफ दिल्ली की जामा मस्जिद में बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। जामा मस्जिद के बाहर लोग हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर नारेबाजी कर रहे थे। लोग नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
जामा मस्जिद के शाही इमाम का कहना है कि मस्जिद ने विरोध का कोई आह्वान नहीं किया। उन्होंने एएनआई से कहा, "मस्जिद कमेटी की ओर से विरोध का कोई आह्वान नहीं किया गया था। वास्तव में कल जब लोग विरोध करने की योजना बना रहे थे तो हमने उनसे स्पष्ट रूप से कहा था कि जामा मस्जिद (समिति) की तरफ से विरोध का कोई आह्वान नहीं है।"
शाही इमाम ने कहा कि हम नहीं जानते कि विरोध करने वाले कौन हैं, मुझे लगता है कि वे AIMIM के हैं या ओवैसी के लोग हैं। हमने स्पष्ट कर दिया कि अगर वे विरोध करना चाहते हैं, तो वे कर सकते हैं, लेकिन हम उनका समर्थन नहीं करेंगे।
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि निलंबित बीजेपी नेता नूपुर शर्मा और बीजेपी से निष्कासित नेता नवीन कुमार जिंदल के बयानों के खिलाफ लोगों ने जामा मस्जिद पर विरोध प्रदर्शन किया। हमने वहां से लोगों को हटा दिया है। फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में है।
DCP सेंट्रल श्वेता चौहान ने कहा, "यह लोग नवीन जिंदल और नूपुर शर्मा के विवादित बयान को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। हमने 10-15 मिनट में इस पर काबू पा लिया था। इन लोगों ने प्रदर्शन सड़क पर और बिना अनुमति के किया था, जिस पर हम कानूनी कार्रवाई करेंगे।"
यूपी, बंगाल और हैदराबाद में भी प्रदर्शन
दिल्ली के अलावा दोनों नेताओं की भड़काऊ टिप्पणी के विरोध में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की जामा मस्जिद के बाहर भी लोगों ने प्रदर्शन किया। वहीं, लखनऊ और प्रयागराज के अटाला इलाके की मस्जिदों में भी लोगों की भीड़ इकट्ठा हुई है। लखनऊ की टीले वाली मस्जिद के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कानपुर में पुलिस ड्रोन से नजर रख रही है।
यूपी के ADG कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने कहा कि हमने सौहार्दपूर्ण वातावरण में नमाज संपन्न कराने के लिए अपील की है। सहारनपुर में नमाज के बाद भीड़ हो गई थी जिसके बाद धीरे-धीरे लोग अपने घर लौट गए। कानपुर में स्थिति शांतिपूर्ण है। उन्नाव एवं कई जगहों पर पोस्टर के मामले में लगातार कार्रवाई हो रही है।
यूपी के अलावा पश्चिम बंगाल के हावड़ा में भारी संख्या में लोगों ने नुपुर शर्मा और नवीन जिंदल द्वारा भड़काऊ टिप्पणी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद हैं। वहीं, हैदराबाद और लुधियाना में भी प्रदर्शन की खबरें आ रही हैं। महाराष्ट्र के सोलापुर में भी बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध मार्च निकाला।
बीजेपी ने पैगंबर पर टिप्पणी को लेकर मुस्लिम देशों से तीखी प्रतिक्रिया आने के बाद 5 जून को नूपुर शर्मा को पार्टी से निलंबित कर दिया था। जबकि नवीन कुमार जिंदल को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। हालांकि, मुस्लिम समाज इस कार्रवाई से खुश नहीं है। भारत ने कहा है कि दोनों नेताओं की टिप्पणी सरकार के विचारों को नहीं प्रदर्शित नहीं करती है।