Weather Update: 16 जून से मिलेगी प्रचंड गर्मी और लू से राहत, इन राज्यों में आज 45 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा, दिल्ली में बारिश की संभावना

Weather Forecast: दिल्ली में शुक्रवार सुबह ही गर्मी का असर दिखने लगा। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यूपी की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 44 से 45 डिग्री सेल्सियस रह सकता है

अपडेटेड Jun 10, 2022 पर 1:14 PM
Story continues below Advertisement
गर्म एवं शुष्क पश्चिमी हवाओं के चलने के कारण उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत 2 जून से लू की चपेट में है

Weather Forecast: इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट यानी IMD ने बताया कि दिल्ली-NCR और उत्तर पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में इस वीकेंड में अधिकतम तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट आएगी। हालांकि, 15 जून तक प्रचंड गर्मी और लू से बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है। IMD के अनुसार, 16 जून से नमी भरी पुरवाई हवाएं चलेंगी, जिससे इस क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सकती है।

IMD के वैज्ञानिक आर.के. जेनामणि ने कहा कि दिल्ली में कुछ स्थानों पर लू चलने की चेतावनी दी गई है, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी के आसार नहीं है। उन्होंने बताया कि 11-12 जून को तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन 15 जून तक बड़ी राहत की कोई उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि वीकेंड में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है। तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।

ये भी पढ़ें- Rajya Sabha Elections: ओवैसी की पार्टी AIMIM ने राज्यसभा चुनाव में शिवसेना के नेतृत्व वाले MVA को वोट देने का किया ऐलान


उन्होंने कहा कि 16 जून के बाद से नमी से भरी पुरवाई हवाएं चलने से इस क्षेत्र में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं, जिससे गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। जेनामणि ने बताया कि अगले दो दिनों में गोवा और महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

दिल्ली में हल्की बारिश होने की संभावना

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह ही गर्मी का असर दिखने लगा। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि IMD के अनुसार, शुक्रवार को दिन में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान के 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने के आसार हैं। आपको बता दें कि गर्म एवं शुष्क पश्चिमी हवाओं के चलने के कारण उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत दो जून से लू की चपेट में है।

यूपी में 45 डिग्री पहुंच सकता है पारा

IMD के अनुसार, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी के अलावा उत्तराखंड, उत्तर पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड के पश्चिमी भाग और आंतरिक ओडिशा में एक या दो स्थानों पर लू की स्थिति बनने के आसार हैं।

बिहर की राजधानी पटना की बात करें तो यहां आज का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। उत्तर भारत के सभी राज्यों में अगले पांच दिनों तक दिनभर तेज धूप रहने और गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।