Punjab News: पंजाब में एक महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक ट्रैवल एजेंट का ही कथित तौर पर अपहरण कर लिया। लुधियाना जिले के मुलनपुर की रहने वाली महिला और उसके साथियों ने ट्रैवल एजेंट का अपहरण करने के बाद उसकी जमकर पिटाई की। बताया जा रहा है महिला के भतीजे के लिए ट्रैवल एजेंट ने रूस का वीजा बनवाया था। लेकिन उसे एयरपोर्ट पर से ही डिपोर्ट कर दिया गया। इसके बाद महिला दूसरा वीजा बनवाने की बात कर ट्रैवल एजेंट से मिलने पहुंची और उसका अपहरण कर लिया।
आरोपियों की पहचान जसवीर कौर, राजू, बंटी, कमलजीत कौर, मेवा सिंह और गुरबाज सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने कथित तौर पर वीजा आवेदन पर चर्चा करने की आड़ में ट्रैवल एजेंट को बहला-फुसलाकर उसका अपहरण कर लिया। फिर उसे मुल्लानपुर ले गए, जहां उन्होंने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की। उन्होंने भतीजे द्वारा वीजा प्राप्त करने के लिए भुगतान किए गए 3 लाख रुपये वापस भी मांगे। बताया जा रहा है कि ट्रैवल एजेंट ने तीन लाख रुपये वीजा बनवाने के लिए लिए थे।
पुलिस के अनुसार, ट्रैवल एजेंट लोविंदर सिंह ने जसवीर कौर के भतीजे अमृतपाल सिंह के लिए रूसी वीजा की व्यवस्था की थी। उसने वीजा बनवाने और सिंह की रूस यात्रा के लिए 3 लाख रुपये लिए थे। हालांकि, रूसी एयरपोर्ट पर पहुंचने पर उसे कथित तौर पर भारत डिपोर्ट कर दिया गया। इससे परिवार नाराज हो गया और एजेंट से विवाद हो गया। पुलिस ने बताया कि कौर और उसके साथियों ने फीस में खोए पैसे वापस पाने के लिए साजिश रची।
उसने लोविंदर सिंह को फिरोजपुर रोड पर वेरका मिल्क प्लांट के पास मिलने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि उसका पति विदेश जाना चाहता है और उसे वीजा की मदद चाहिए। लेकिन जब लोविंदर पहुंचा तो आरोपियों ने उसे जबरन अगवा कर लिया। फिर वे उसे लेकर मुल्लांपुर ले जाकर उसके साथ मारपीट की और पैसे वापस मांगे।
पुलिस ने बताया कि लोविंदर सिंह ने दावा किया कि अमृतपाल खुद ही भारत लौट आया है। जबकि अमृतपाल का दावा है कि उसे रूसी अधिकारियों ने डिपोर्ट कर दिया है, जिसके कारण पैसे वापस मांगे गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।