बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति और कारोबारी राज कुंद्रा की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। पोर्नोग्राफी मामले में जांच के लिए प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate -ED) ने कुंद्रा को तलब किया है। इससे पहले उनके घर और दफ्तर समेत कई ठिकानों पर ईडी ने 29 नवंबर को छापेमारी की थी। इसके अलावा उनके लिए काम करने वाले लोगों के घर पर भी छापेमारी हुई थी। ईडी सूत्रों के अनुसार, 49 साल के राज कुंद्रा को 2 दिसंबर (सोमवार) को सुबह 11 बजे एजेंसी के सामने पेश होने को कहा गया है। उनसे ईडी के मुंबई कार्यालय में पूछताछ की जाएगी।
राज कुंद्रा पर आरोप हैं कि वे ऐप हॉटशॉट के जरिए पोर्न कंटेंट लोगों तक पहुंचाते हैं। इसका प्रोडक्शन भी करते हैं। इस ऐप के मालिक राज कुंद्रा हैं। उनकी यह ऐप पहले गूगल और एपल पर जूद भी था। हालांकि 2021 में राज कुंद्रा पर केस होने के बाद ऐप को हटा दिया गया था।
शिल्पा शेट्टी का नाम घसीटने पर राज कुंद्रा नाराज
ईडी के घर पर रेड डालने के बाद राज कुंद्रा ने सोशल मीडिया पर एक स्टेटमेंट जारी किया था। उन्होंने सभी से इस मामले में अपनी पत्नी शिल्पा शेट्टी का नाम न घसीटने की अपील की थी। उन्होंने लिखा था- 'ये जिनके लिए चिंता का विषय हो सकता है, जबकि मीडिया को नाटक करने का शौक है। आइए सीधे रिकॉर्ड सेट करें, मैं चल रही जांच में पूरा सहयोग कर रहा हूं। सहयोगियों, अश्लील कंटेटं और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े दावों से सच्चाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा। न्याय होगा! ऐसे मामलों में मेरी पत्नी का नाम बार-बार घसीटना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्लीज लिमिट की रिस्पेक्ट करें।
साल 2021 में गिरफ्तार हुए थे कुंद्रा
कुंद्रा को जुलाई 2021 में मुंबई पुलिस ने कथित तौर पर पोर्नोग्राफी कंटेंट बनाने और बांटने के आरोप में गिरफ्तार किया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई। हालांकि, उन्होंने अपने खिलाफ लगे आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि उन्हें मामले में “बलि का बकरा” बनाया गया है।
98 करोड़ की संपत्ति जब्त हो गई थी
राज कुंद्रा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का यह दूसरा मामला है। ईडी ने इस साल की शुरुआत में क्रिप्टो करंसी मामले में राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी की 98 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी, लेकिन कपल को ईडी के इस कुर्की आदेश के खिलाफ बंबई उच्च न्यायालय से राहत मिल गई थी।