Asia Cup 2022: राजनीतिक और आर्थिक अस्थिरता का सामना कर रहे श्रीलंका के लिए क्रिकेट के मैदान पर उसके 11 खिलाड़ी नायक बनकर उभरे जिन्होंने पाकिस्तान को 23 रन से हराकर रविवार को छठी बार एशिया कप अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत ने देशवासियों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।
यह जीत सिर्फ श्रीलंका के क्रिकेट के लिए ही नहीं बल्कि ऐतिहासिक और राजनीतिक तौर पर भी काफी मायने रखती है। एक समय पांच विकेट 58 रन पर गंवाने के बाद भानुका राजपक्षा के 45 गेंद पर नाबाद 71 रन की मदद से श्रीलंका ने छह विकेट पर 170 रन बनाए।
इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम 147 रन पर आउट हो गई, जबकि एक समय उसका स्कोर दो विकेट पर 93 रन था। तेज गेंदबाज प्रमोद मधुशान ने चार ओवर में 34 रन देकर चार और लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने चार ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट लिए।
हार से बौखलाए PCB चीफ रमीज राजा
एशिया कप में पाकिस्तान की करारी हार के बाद जब पत्रकारों ने पीसीबी (Pakistan Cricket Board) प्रमुख और पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा (Ramiz Raja) से सवाल-जवाब करने गए तो वह भारतीय पत्रकार के साथ ही बदसलूकी पर उतर आए। दरअसल, रमीज राजा मैच समाप्त होने के बाद दुबई क्रिकेट स्टेडियम से बाहर आए तब वह पत्रकारों से बात करने लगे।
इसी दौरान एक भारतीय पत्रकार ने उनसे सवाल किया और कहा कि पाकिस्तानी आवाम आज काफी नाखुश है। इस पर रमीज राजा भड़क गए और उन्होंने तुरंत पलटवार करते कहा कि आप इंडिया से होंगे, तो आपकी आवाम तो काफी खुश होगी। आप इस तरह नहीं पूछ सकते हैं। इतना ही नहीं इसके बाद जाते वक्त राजा भारतीय पत्रकार के फोन को नीचे कर दिया।
भारतीय पत्रकार ने रमीज से पूछा, 'पाकिस्तान की आवाम हार से बहुत नाखुद है, आप उन्हें क्या संदेश देंगे?' इस सवाल पर रमीज ने जवाब दिया, 'आप इंडिया से होंगे? आप तो बिल्कुल बड़े खुश होंगे..? इतना ही नहीं रमीज राजा कुछ कदम आगे बढ़े और वह सवाल पूछने वाले भारतीय पत्रकार का मोबाइल फोन भी छीनते दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
राजपक्षे ने एशिया कप खिताब को देशवासियों को किया समर्पित
श्रीलंका की एशिया कप में खिताबी जीत के हीरो रहे भानुका राजपक्षे ने इस खिताब को संकट का सामना कर रहे अपने देश को समर्पित किया है। राजपक्षे ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि कुछ दशक पहले हम हमेशा दुनिया को दिखाना चाहते थे कि हमारे पास आक्रामकता है और हम चाहते थे कि एक टीम के रूप में हम दोबारा उन लम्हों को पैदा करें।
उन्होंने कहा कि आगे बढ़ते हुए हम विश्व कप से पहले इस लय को बनाए रखना चाहते हैं। स्वदेश में संकट के हालात को देखते हुए यह श्रीलंका के सभी लोगों के लिए एक कठिन समय है लेकिन आशा है कि हम अपने लोगों के चेहरों पर कुछ मुस्कान ला पाए हैं।
राजपक्षे ने मुस्कुराते हुए कहा कि यह पूरे देश के लिए है वे इतने लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे थे। देश में सबसे खराब आर्थिक संकट और राजनीतिक अशांति की पृष्ठभूमि में श्रीलंका ने एशिया कप खिताब जीता है।