तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई (Chennai) से 1,070 करोड़ रुपये नकद लेकर विल्लुपुरम जा रहे रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के दो कंटेनरों को लेकर नेशनल हाइवे पर उस समय हड़कंप मच गया जब उनमें से एक ट्रक बीच सड़क पर खराब हो गया। आनन-फानन में सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल को बुलानी पड़ी। दर्जनों सुरक्षकर्मियों ने दोनों कंटेनरों को घेर लिया। लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर क्या माजरा है जो कंटेनरों की इतनी ज्यादा फिक्र पुलिस को हो रही है। दरअसल, क्रोमपेट पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि 535 करोड़ रुपये नकद ले जा रहा एक ट्रक टूट गया है। कुछ देर बाद उस कंटेनर को पुलिस कड़ी सुरक्षा में अपने साथ ले गई।
