Republic Day 2022: मशहूर गायक दलेर मेहंदी (Daler Mehndi) गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने पहले मेटावर्स कॉन्सर्ट के जरिए देश के सामने अपनी परफॉर्मेंस देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। दलेर मेहंदी गणतंत्र दिवस पर होने जा रहे भारत के पहले मेटावर्स कॉन्सर्ट में परफॉर्म करते हुए नजर आएंगे। उनके फैंस PartyNite.io पर एक शानदार एक्सपीरिएंस की उम्मीद कर सकते हैं, जहां फैंस अपने पसंदीदा सिंगर को बड़े वर्चुअल कॉन्सर्ट के जरिए एक अलग अवतार को देखेंगे।
रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि "तुनक तुनक तुन" जैसी हिट फिल्मों के लिए जाने जाने वाले गायक दलेर मेहंदी मेटावर्स कॉन्सर्ट में परफॉर्म करने वाले पहले भारतीय बनेंगे। उन्होंने इस बात की जानकारी अपने अधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए अपने फैंस को दी। सूत्रों की मानें तो दलेर मेंहदी बॉलीवुड हिट गाने 'नमोह नमोह...' और 'जागो इंडिया' का परफॉर्म करने वाले हैं। साथ ही वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक स्पेशल गाना समर्पित करेंगे।
बता दें कि जहां देश में कोरोना वायरस का संक्रमण फैला हुआ है, वहां वर्चुअली अपने पसंदीदा कलाकार को लाइव परफॉर्म करते हुए देखने का एक अलग ही एक्सपीरिएंस होगा। जो भी इस ऑनलाइन कॉन्सर्ट में भाग लेगा, उसके पास लाइव-स्ट्रीम किए गए वीडियो को देखने की तुलना में मेटावर्स के जरिए जुड़ने का एक अलदग एक्सपीरिएंस होने वाला है। किसी भी मोबाइल के जरिए दलेर मेहंदी के इस कॉन्सर्ट से जुड़ा जा सकता है।
मेटावर्स कॉन्सर्ट इसलिए भी खास हैं, क्योंकि कलाकार दुनिया में कहीं से भी लाइव परफॉर्म कर सकते हैं। मेटावर्स सैद्धांतिक रूप से इंटरनेट का भविष्य है। यह एक ऐसी 3D वर्चुअल दुनिया है जहां लोग सेंसर, लेंस और अन्य गैजेट्स का उपयोग करके कॉन्सर्ट का हिस्सा बन सकते हैं।
दर्शक उन्हें अपने घरों में बैठकर आराम से देख सकते हैं। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि मेटावर्स संगीतकारों को और भी ज्यादा क्रिएटिव होने का मौका देता है। जस्टिन बीबर, मार्शमैलो, एरियाना ग्रांडे और ट्रैविस स्कॉट कुछ ऐसे बड़े अंतरराष्ट्रीय नाम हैं जिन्होंने मेटावर्स में संगीत कार्यक्रमों की मेजबानी की है।