Russia-Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध का आज 13वां दिन, यूक्रेन ने रूसी मेजर जनरल को मारने का किया दावा

यूक्रेन के रक्षा अधिकारियों ने दावा किया है कि देश के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव के पास लड़ाई के दौरान एक शीर्ष रूसी जनरल को मार दिया गया है

अपडेटेड Mar 08, 2022 पर 10:36 AM
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के आज 13 दिन हो गए हैं, दोनों देशों के बीच 24 फरवरी से ही लगातार युद्ध जारी हैं

Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के आज (मंगलवार) 13 दिन हो गए हैं। दोनों देशों के बीच 24 फरवरी से ही लगातार युद्ध जारी हैं। हालांकि, दोनों देशों के बीच मध्यस्थता करने के लिए दूसरे देश भी तैयार हैं। इसके बावजूद रूस और यूक्रेन के बीच हालात सुधर नहीं रहे हैं। युद्ध विराम को लेकर दोनों देशों के बीच तीसरे दौर की बातचीत भी बेनतीजा रही है। सोमवार को बेलारूस में हुई इस वार्ता में युद्ध के बीच लोगों को निकालने के लिए यूक्रेन में ह्यूमन कॉरीडोर बनाने पर सहमति नहीं बनी।

रूसी मेजर जनरल को मारने का दावा

इस बीच, यूक्रेन के रक्षा अधिकारियों ने दावा किया है कि देश के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव के पास लड़ाई के दौरान एक शीर्ष रूसी जनरल को मार दिया गया है। यूक्रेन ने रूस के मेजर जनरल विटैली गेरासिमोव (Vitaly Gerasimov) को मार देने का दावा किया है। कीव इंडिपेंडेंट ने यूक्रेन की डिफेंस मिनिस्ट्री के इंटेलीजेंस चीफ के हवाले से यह खबर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, खारकीव के पास यूक्रेन और रूस की सेनाओं के बीच जंग में गेरासिमोव मारे गए।


ये भी पढ़ें- Ukraine war : भारतीयों को इडिबल ऑयल की शॉर्टेज और पेट्रोल-डीजल महंगा होने आशंका, कर रहे स्टॉक

यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय के बयान में बताया गया है कि विटैली गेरासिमोव मेजर जनरल थे और वो 41वीं आर्मी ऑफ द सेंट्रल मिलिट्री डिस्ट्रक्ट ऑफ रशिया के फर्स्ट डिप्टी कमांडर और चीफ ऑफ स्टाफ थे। बयान में कहा गया है कि इस लड़ाई में कई वरिष्ठ रूसी सैन्य अधिकारी मारे गए हैं और घायल हुए हैं। यूक्रेनी खुफिया एजेंसी का कहना है कि गेरासिमोव ने दूसरे चेचेन्या युद्ध और सीरिया में रूसी सैन्य अभियान में भाग लिया था और उन्हें फॉर द रिटर्न ऑफ क्राइमिया मेडल से सम्मानित किया गया था।

रूस का यूक्रेन पर बमबारी जारी

24 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन पर लगातार रूस द्वारा बमबारी की जा रही है। इस बीच यूक्रेन के लोग अपनी जान बचाने के लिए देश छोड़ रहे हैं। इनमें बच्चे और बुजुर्गों से लेकर बीमार तक शामिल हैं।

सोमवार को रूस और यूक्रेन के बीच तीसरे दौर की वातचीत हुई, लेकिन इसका भी कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कॉव ने कहा कि मास्को की मांग है कि यूक्रेन सैन्य कार्रवाई रोक दे, संविधान में बदलाव करे, क्रीमिया को रूसी क्षेत्र माने और डोनेत्स्क और लुगांस्क को स्वतंत्र राज्यों के रूप में मान्यता दे।

400 से अधिक लोगों की मौत

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने कहा है कि रूस के आक्रमण की शुरुआत से अबतक यूक्रेन में 406 आम नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। यूएन ने कहा कि इसके अलावा 800 से अधिक लोगों के घायल होने की भी पुष्टि हुई है।

मानवाधिकार कार्यालय ने कहा कि वह इस संबंध में सख्त कार्यप्रणाली का उपयोग करता है और पुष्टि होने जाने के बाद ही हताहतों के बारे में जानकारी देता है। बयान में कहा गया है कि विशेष रूप से सरकार नियंत्रित क्षेत्रों में हताहतों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक हो सकती है।

पीएम मोदी ने पुतिन और जेलेंस्की को किया फोन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बात की तथा युद्धग्रस्त देश के सूमी शहर में फंसे भारतीय छात्रों की सुरक्षित एवं त्वरित निकासी पर उनसे मदद मांगी। इसके साथ ही उन्होंने हिंसा को तत्काल समाप्त करने के अपने आह्वान को दोहराया।

यह उल्लेख करते हुए कि भारत हमेशा मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन करता रहा है, पीएम मोदी ने पुतिन और जेलेंस्की के साथ अपनी अलग-अलग बातचीत के दौरान उनके बीच सीधी बातचीत का सुझाव दिया और कहा कि यह शांति के प्रयासों में बहुत मदद कर सकता है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पुतिन के साथ 50 मिनट तक फोन पर हुई बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने सूमी से भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालने के महत्व पर जोर दिया और रूसी राष्ट्रपति ने इस कार्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

गोली से घायल छात्र भारत लौटा

इस बीच, यूक्रेन की राजधानी कीव में कुछ दिन पहले गोली लगने से घायल हुए भारतीय छात्र हरजोत सिंह को लेकर भारतीय वायुसेना का एक विमान सोमवार शाम हिंडन एअरबेस पर उतरा। इस छात्र को तुरंत हवाईअड्डे से एक एंबुलेंस की मदद से सेना के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया।

नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री वी के सिंह ने कहा कि 205 भारतीय छात्र उस विमान से भारत लौटे जो पोलैंड के रेज़ज़ो से सुबह 10.30 बजे रवाना हुआ और शाम सवा छह बजे यहां उतरा। भारतीय छात्रों की वापसी में मदद के लिए वी के सिंह पोलैंड में थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।