Sachin Tendulkar: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फर्जी विज्ञापनों से आहत हुए सचिन तेंदुलकर, बोले- मैंने कभी जुआ, तंबाकू या शराब का समर्थन नहीं किया

भारत रत्न से सम्मानित क्रिकेटर ने कहा है कि उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर कभी भी शराब, जुआ या तंबाकू का समर्थन नहीं किया है, लेकिन उनकी ऐसे विज्ञापनों में उनकी तस्वीरों का दुरुपयोग करना दुखद है

अपडेटेड Feb 24, 2022 पर 2:51 PM
भारत के पूर्व महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने कहा कि वह इस मामले पर कानूनी कार्रवाई भी करेंगे

भारत के पूर्व महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) ने इन दिनों उनकी तस्वीरों को छेड़छाड़ कर फर्जी विज्ञापन करने वालों से काफी आहत हैं। सचिन ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उन फर्जी विज्ञापनों को खारिज करने के लिए ट्विटर का सहारा लिया, जिनमें एक कैसीनो के विज्ञापन में उनकी छेड़छाड़ की गई तस्वीरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

अपनी बेदाग छवि के लिए जाने जाने वाले सचिन ने कहा कि देश के लोगों को गुमराह करने के लिए उनकी फर्जी तस्वीरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सचिन ने ट्वीटर पर जारी एक बयान में कहा है कि उन्होंने कभी भी तंबाकू, शराब या जुआ का समर्थन नहीं किया है। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले दिग्गज क्रिकेटर ने कहा कि उनकी तस्वीरों का दुरुपयोग करके कसीनो का विज्ञापन करना गलत है।

ये भी पढ़ें- हैदराबाद में ट्रैफिक फाइन डिफॉल्टर्स के लिए गुड न्यूज! चालान के पेमेंट पर मिल रहा है 75% की भारी छूट


दरअसल, इन दिनों उनकी कुछ फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें वे कसीनो का विज्ञापन करते नजर आ रहे हैं। सचिन ने इस मामले पर कहा है कि उन्होंने कभी भी ऐसे ब्रांडों का समर्थन नहीं किया है और ये विज्ञापन पूरी तरह से फर्जी हैं। उन्होंने कहा कि वह इस मामले पर कानूनी कार्रवाई भी करेंगे।

तेंदुलकर ने लोगों से सोशल मीडिया पर चल रहे फर्जी विज्ञापनों के बारे में सतर्क रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मेरे संज्ञान में आया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई विज्ञापन दिखाए जा रहे हैं, जिसमें एक मॉर्फ्ड फोटो के साथ मुझे एक कैसीनो का समर्थन करते हुए दिखाया गया है।

तेंदुलकर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मैंने व्यक्तिगत रूप से कभी भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुआ, तंबाकू या शराब का समर्थन नहीं किया है। यह देखकर दुख होता है कि मेरी छवियों का इस्तेमाल लोगों को गुमराह करने के लिए किया जा रहा है। जबकि मेरी कानूनी टीम आवश्यक कार्रवाई कर रही होगी, मुझे लगा कि मेरे लिए यह जानकारी सभी के साथ साझा करना महत्वपूर्ण था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।