Salman Death Threat: नोएडा के टैटू आर्टिस्ट ने सलमान खान को क्यों दी थी धमकी? कारण जानकर आप हो जाएंगे हैरान

विधायक के कार्यालय नंबर पर भेजे गए मैसेज में कहा गया है कि सलमान खान और जीशान सिद्दीकी खतरे में हैं और उन्हें मारने की साजिश रची जा रही है। मैसेज में कहा गया है कि उसे पता है कि कौन उन्हें मारना चाहता है। मुंबई पुलिस ने उस नंबर का पता लगाया, जिससे मैसेज भेजा गया था और गुफरान को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया गया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया गया है

अपडेटेड Oct 30, 2024 पर 6:12 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Salman Death Threat: नोएडा के टैटू आर्टिस्ट ने सलमान खान को क्यों दी थी धमकी?

अभिनेता सलमान खान और विधायक जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में नोएडा से गिरफ्तार किए गए 20 साल के गुफरान खान ने पुलिस को बताया है कि वह उन्हें डराना और पैसे कमाना चाहता था। गुफरान नोएडा में टैटू आर्टिस्ट का काम करता है। शुक्रवार शाम को बांद्रा में जीशान सिद्दीकी के ऑफिस पर भेजे गए धमकी भरे मैसेज की जांच शुरू करने के बाद मुंबई पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।

विधायक के कार्यालय नंबर पर भेजे गए मैसेज में कहा गया है कि सलमान खान और जीशान सिद्दीकी खतरे में हैं और उन्हें मारने की साजिश रची जा रही है। मैसेज में कहा गया है कि उसे पता है कि कौन उन्हें मारना चाहता है। मुंबई पुलिस ने उस नंबर का पता लगाया, जिससे मैसेज भेजा गया था और गुफरान को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया गया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया गया है।

दूसरा मैसेज भेजने से पहले ही हुआ गिरफ्तार


NDTV के मुताबिक, सूत्रों ने बताया कि 20 साल के गुफरान ने पुलिस को बताया है कि उसने एक और धमकी भरा मैसेज भेजने की योजना बनाई थी, जिसमें जानकारी के बदले पैसे की मांग की गई थी, लेकिन ऐसा करने से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

उसने पुलिस को बताया है कि उसे उम्मीद थी कि इस मैसेज से सलमान खान और जीशान सिद्दीकी डर जाएंगे और उनमें से कम से कम कोई एक तो उससे संपर्क करने की कोशिश करेगा और इससे वह कुछ पैसे कमा लेगा।

धमकी भरा मैसेज जीशान सिद्दीकी के पिता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या किए जाने के कुछ हफ्ते बाद भेजा गया था। उन्हें उनके बेटे दफ्तर के पास ही गोली मारी गई थी। जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग ने हत्या की जिम्मेदारी ली है।

सलमान खान को फिर मिली धमकी

वहीं सलमान खान को भी पिछले कुछ हफ्तों में कई धमकियां मिली हैं। इससे पहले, जमशेदपुर के एक सब्जी बेचने वाले को एक धमकी भरे मैसेज के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें अभिनेता से 5 करोड़ रुपए की फिरौती देने की मांग की गई थी। बाद में उसी नंबर से आए एक मैसेज में फिरौती के लिए की गई कॉल के लिए माफी मांगी गई और कहा कि उससे गलती हो गई।

मुंबई ट्रैफिक कंट्रोल को बुधवार को एक और धमकी भरा मैसेज मिला, जिसमें कहा गया कि अगर सलमान ने फिरौती में 2 करोड़ रुपए नहीं दिए, तो उन्हें मार दिया जाएगा।

ये मैसेज अप्रैल में अभिनेता के मुंबई में घर के बाहर गोलीबारी की घटना के महीनों बाद आए हैं। जांच से पता चला कि गोलीबारी के पीछे जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का गिरोह था।

क्यों मिल रही हैं धमकियां?

सलमान खान को पहले भी बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। क्योंकि उन पर आरोप है कि 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग के दौरान राजस्थान में सलमान ने काले हिरण के शिकार किया था। फायरिंग और जान से मारने की धमकी के बाद एक्टर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

बाबा सिद्दीकी की हत्या के 18 दिन बाद टीवी शो Big Boss में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए सलमान खान ने कहा कि वह शो में वापस नहीं आना चाहते थे, लेकिन उनकी कार्य प्रतिबद्धताएं उन्हें वापस ले आईं। अभिनेता ने कहा कि जिस मुश्किल परिस्थिति से वह गुजर रहे थे, उसके कारण उनका किसी से मिलने का मन नहीं था।

सलमान खान को फिर मिली जान से मारने की धमकी, अबकी बार मांगे गए 2 करोड़ रुपए

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।