'पुलिसवालों ने कर दी हत्या...', सलमान खान फायरिंग केस में आरोपी की मौत पर परिवार का सनसनीखेज आरोप

Salman Khan House Firing Case: अनुज थापन पर सलमान खान के मुंबई के बांद्रा स्थित घर के बाहर 14 अप्रैल को गोलीबारी को अंजाम देने वाले दो हमलावरों को हथियार मुहैया कराने का आरोप था। उसके भाई ने दावा किया कि मुंबई पुलिस ने हिरासत में उनकी हत्या कर दी

अपडेटेड May 02, 2024 पर 12:21 PM
Story continues below Advertisement
Salman Khan Firing Case: सलमान खान के घर के बाहर 14 अप्रैल को गोली चलाए जाने की घटना सामने आई थी

Salman Khan House Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर हुई गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों में से एक अनुज थापन ने बुधवार (1 मई) को जेल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अब पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि अनुज की जेल में कथित तौर पर हत्या की गई है। खुदकुशी से मौत के कुछ घंटों बाद उसके भाई ने दावा किया कि मुंबई पुलिस ने हिरासत में उनकी हत्या कर दी। वह आत्महत्या करने वाला शख्स नहीं था। उन्होंने आगे मांग की है कि उनका पोस्टमार्टम मुंबई के बाहर किया जाना चाहिए। मृतक आरोपी के भाई अभिषेक थापन ने कहा कि अनुज उस तरह का व्यक्ति नहीं था जो आत्महत्या करेगा।

अभिषेक ने मामले में न्याय की मांग की है। अभिषेक थापन ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, "अनुज मेरा भाई है। उसको मुंबई पुलिस 6-7 दिन पहले संगरूर से उठाकर ले गई थी। उन्होंने मुझे एक दिन बाद फोन कर बताया कि अनुज का सलमान खान के घर फायरिंग में हाथ है। फिर आज (1 मई) हमें फोन आया कि अनुज ने सुसाइड कर ली है। वह ऐसा नहीं था जो आत्महत्या कर सके। पुलिस ने उसकी हत्या कर दी। हमें न्याय चाहिए। अनुज ट्रक हेल्पर का काम करता था।"

कौन था अनुज?


अनुज थापन पर सलमान खान के मुंबई के बांद्रा स्थित घर के बाहर 14 अप्रैल को गोलीबारी को अंजाम देने वाले दो हमलावरों को हथियार मुहैया कराने का आरोप था। उसे मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था। एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण मुंबई स्थित क्राइम ब्रांच की इमारत है जिसकी पहली मंजिल पर बने हवालात के शौचालय में थापन ने चादर का फंदा बना कर फांसी लगा ली।

उन्होंने बताया कि घटना दोपहर 1 बजे तब संज्ञान में आई जब क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने पाया कि थापन काफी देर से शौचालय में है। उन्होंने बताया कि जब दरवाजा तोड़ा गया तो उसे शौचालय की खिड़की में बंधे फंदे से लटका पाया गया। अधिकारी ने बताया कि थापन को तुरंत सरकारी गोकुलदास तेजपाल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

एक साथ बंद थे 5 आरोपी

अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय हवालात में 5 आरोपी थे। गोलीबारी में थापन के दो सह आरोपियों को जांच के लिए हवालात से बाहर लाया गया था। 23 वर्षीय थापन और सोनू कुमार बिश्नोई (32) को क्राइम ब्रांच की टीम ने पंजाब की फाजिल्का से 26 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक दोनों ने सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी करने वाले हमलावर सागर पाल और विक्की गुप्ता को हथियार की आपूर्ति की थी।

ये भी पढ़ें- Amit Shah interview: 'क्या शरिया के आधार पर देश चलेगा?' अमित शाह ने बताया कांग्रेस के घोषणापत्र को किसने किया तैयार

पुलिस ने बताया कि दोनों 15 मार्च को मुंबई के नजदीक पनवेल आए थे। पाल एवं गुप्ता को दो देसी पिस्तौल और 38 कारतूस की आपूर्ति की थी। थापन और सोनू का गांव पंजाब में है और जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गांव के करीब है। लॉरेंस इस समय अहमदाबाद की साबरमती जेल में कैद है। माना जा रहा है कि उसका छोटा भाई अनमोल बिश्नोई अमेरिका या कनाडा में है। उसे भी इस मामले में नामजद किया गया है।

Akhilesh

Akhilesh

First Published: May 02, 2024 12:19 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।