भारत में रहने वाले हिंदुओं के लिए गाय एक पवित्र जीव है। इसे भारत में मां का दर्जा मिला हुआ है। इसलिए गौ माता कहते हैं। लेकिन आज हम धरती पर रहने वाले गाय की बात नहीं कर रहे हैं, बल्कि उस गाय की बात कर रहे हैं जो समुंदर के भीतर पाई जाती है। यह गाय भी बेहद शांत स्वभाव की है। शुद्ध शाकाहारी और स्तनझारी जीव है। इसे सी काऊ (Sea Cow) के नाम से जाना जाता है। इसे पूरे समुद्र का सबसे शरीफ जीव माना जाता है। ये जीव किसी पर कभी भी हमला नहीं करता है। अब इन गायों का अस्तित्व खतरे में आ गया है।
समुद्री गाय की चार प्रजातियां हैं। इसमें मैनाटी की तीन प्रजातियां हैं और डुगोंग की एक प्रजाति है। इन गायों का मुख्य भोजन समुद्र में उगने वाली घास है। ये गाय किसी पर भी हमला नहीं करती हैं। सी काऊ का दूसरा नाम साइनेरिया है। 18वी शताब्दी में सी काऊ की स्टेलर नाम की प्रजाति विलुप्त हो चुकी है। इसका स्वभाव बहुत ही दोस्ताना होता है।
देखने में ये जीव आपको समुद्री सील की तरह लगेंगे। हालांकि ये उनसे काफी अलग होते हैं। इनकी उम्र 50-60 साल तक है। विज्ञान की भाषा में इसे मैनाटी कहते हैं। ये 12 से 14 महीने अपनी मां के गर्भ में रहते हैं। इसके बाद पानी के अंदर ही जन्म लेते हैं। इन जीवों के गले में कुल 6 हड्डियां होती हैं। इनकी गर्दन पूरे शरीर के मुकाबले छोटी होती है। आप इसे ऐसे समझ सकते हैं कि अगर इन जीवों को बाएं या फिर दाहिने देखना पड़े तो उन्हें इसके लिए पूरा शरीर मोड़ना पड़ता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इनका DNA हाथी से ज्यादा मिलता-जुलता है। कहा जाता है कि पहले ये धरती पर रहते थे। तब इनके चार पैर थे। ये आम गाय की तरह घास खाकर रहती थी। बाद में इन्हें पानी रहने के लिए अपने आपको विकसित करना पड़ा।
सी काऊ विलुप्त के कगार पर
समुद्री गाय के शरीर में सबसे ज्यादा फैट पाई जाती है। ऐसे में इनका बड़ी संख्या में शिकार हो रहा है। इसके साथ ही इंसानों की ओर से फैलाए गए पदूषण की वजह से भी सी काऊ का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। अब ये विलुप्त होने के कगार पर पहुंच गए हैं।
तमिलनाडु सरकार ने उठाया बचाने का बीड़ा
साल 2021 में तमिलनाडु सरकार ने इनके बचाने का ऐलान किया था। इसके लिए सरकार ने तमिलनाडु तट पर पहली बार रिजर्व की स्थापना की घोषणा की थी। तमिलनाडु में यह जीव मन्नार की खाड़ी में पाया जाता है। यह तमिलनाडु के दक्षिण पूर्वी सिरे और श्रीलंका के पश्चिमी भाग और पाक खाड़ी के बीच एक उथला खाड़ी क्षेत्र है। सरकार ने "डुगोंग समुद्री संरक्षण रिजर्व" बनाने की घोषणा की थी।