बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) के बेटे आर्यन खान (Aryan Khan) एक अभिनेता के तौर पर नहीं बल्कि एक लेखक के तौर पर फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने वाले हैं। एंटरटेनमेंट वेबसाइट, पिंकविला की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक आर्यन खान, अमेजन प्राइम पर रिलीज होने वाली एक वेब सीरीज और अपने पिता के प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनने वाली एक फिल्म के लेखक के तौर पर डेब्यू करेंगे।
पिंकविला ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि आर्यन खान इन दो प्रोजेक्ट अलावा और भी कई आइडिया पर काम कर रहे हैं। रिपोर्ट में बताया गया वेब सीरीज की कहानी एक कट्टर प्रशंसक पर आधारित है, जिसमें भरपूर थ्रिलर देखने को मिल सकता है। वहीं फिल्म की कहानी को लेकर अभी तक कोई जानकारी नहीं है।
रिपोर्ट में कहा गया है, "आर्यन खान जितने भी आइडिया पर काम कर रहे हैं, उसमें दो सबसे आगे हैं। इसमें पहला अमेजन प्राइम के लिए एक वेब सीरीज है, जबकि दूसरा एक फीचर फिल्म है, जिसे रेड चिलीज के बैनर तले बनना है। अमेजन प्राइम सीरीज एक एक कट्टर प्रशंसक के जीवन के बारे में बताया जा रहा है, जिसमें रोमांच से जुड़े काफी तत्व शामिल रहेंगे। वहीं फिल्म के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। अगर सबकुछ सही गति से आगे बढ़ा तो इस बात की अच्छी संभावना है कि शो को इस साल के अंत तक प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दिया जाए।"
शाहरुख खान ने इससे पहले कई मौकों पर इंटरव्यू के दौरान यह बात कही है कि उनके बेटे आर्यन को एक्टिंग पसंद नहीं है और इसकी जगह उनकी दिलचस्पी फिल्ममेकिंग में है। उन्होंने एक इंटरव्यू में यह भी बताया था कि उनकी बेटी सुहाना की एक्टिंग में दिलचस्पी है।
आर्यन खान कथित तौर से रेड चिलीज के राइटर रूम में बिलाल सिद्दकी के साथ कई प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। स्क्रिप्ट्स अभी पूरी होने की प्रक्रिया में हैं।
आर्यन खान इसके अलावा अपने पिता के दूसरे बिजनेसेज में भी शामिल है। उन्हें हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग के मेगा अंक्शन के दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स के टेबल पर अपनी बहन सुहाना के साथ देखा गया था।