मुंबई से पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर जा रहा स्पाइसजेट (SpiceJet) का एक विमान लैंडिंग के दौरान तूफान में फंस गया। इस घटना में कम से कम 12 यात्री घायल हो गए हैं। घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तूफान की वजह से प्लेन हवा में ही गोता खाने लगा था। गोता खाते वक्त प्लेन के केबिन में लोड सामान यात्रियों के ऊपर गिर गया।
यह हादसा उस समय हुआ जब स्पाइसजेट का विमान बोइंग बी737 पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट पर उतरने का प्रयास कर रहा था। सोशल मीडिया पर प्लेन का एक डराने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि यात्री काफी दहशत में हैं।
तूफान के बाद यात्रियों का सामान विमान के फर्श पर बिखरा हुआ दिख रहा है। समाचार एजेंसी एएनआई ने सिर पर पट्टी बांधे एक यात्री की तस्वीरें ट्वीट कीं। एक यात्री ने कहा कि फ्लाइट दुर्गापुर एयरपोर्ट पर उतरने ही वाली थी कि खराब मौसम के बाद विमान में भारी उथल-पुथल होने लगा। इस दौरान कुछ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि एक मई को स्पाइसजेट का बोइंग B737 विमान मुंबई से दुर्गापुर की उड़ान एसजी-945 संचालित करने के दौरान एयरपोर्ट पर उतर रहा था, तभी उसे समय गंभीर वायुमंडलीय विक्षोभ का सामना करना पड़ा, जिसके चलते दुर्भाग्यवश कुछ यात्रियों को चोटें आई।
प्रवक्ता ने बताया कि विमान के दुर्गापुर में उतरने पर तत्काल मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि स्पाइसजेट इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर खेद व्यक्त करता है और वह घायलों को हरंसभव मेडिकल सहायता उपलब्ध करा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, विमान में सवार 40 में से कम से कम 10 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि तूफान में विमान कैसे फंस गया।