साल 2022 में कार दुर्घटना के बाद भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की जान बचाने वाले 25 साल के रजत कुमार ने अपनी प्रेमिका के साथ जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। यह घटना 9 फरवरी को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव बुच्चा बस्ती में सामने आई। कुमार और उसकी 21 साल की प्रेमिका मनु कश्यप ने कथित तौर पर जहर खा लिया, क्योंकि उनके परिवारों ने उनके रिश्ते का विरोध किया था। मनु की इलाज के दौरान मौत हो गई, तो वहीं रजत की हालत गंभीर बनी हुई है, जो अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
उनके परिवारों ने जातिगत मतभेदों के कारण उनके रिश्ते को स्वीकार करने से इनकार करते हुए उनकी शादी कहीं और तय कर दी थी। इसी के चलते उन्होंने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। मनु कश्यप की मृत्यु के बाद, उसकी मां ने आरोप लगाया है कि रजत कुमार ने उनकी बेटी का अपहरण कर लिया और उसे जहर दे दिया।
रजत कुमार तब चर्चाओं में आए थे, जब दिसंबर 2022 में उन्होंने एक और स्थानीय निवासी निशु कुमार के साथ मिलकर भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत को एक घातक कार एक्सीडेंट से बचाया। पंत दिल्ली से उत्तराखंड जा रहे थे, जब उनकी मर्सिडीज रूड़की के पास एक डिवाइडर से टकरा गई और उसमें आग लग गई।
पास की फैक्ट्री में काम कर रहे दो युवकों ने हादसा देखा और मदद के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने ऋषभ पंत को जलती हुई गाड़ी से निकाला और इमरजेंसी मेडिकल सहायता की व्यवस्था की। उनकी त्वरित कार्रवाई की व्यापक रूप से प्रशंसा की गई, और उनकी बहादुरी की सराहना करते हुए, पंत ने बाद में उन्हें सराहना के प्रतीक के रूप में स्कूटर गिफ्ट में दिए। पंत की सेहत में सुधार हुआ और अगले साल क्रिकेट में वापसी की।