थाइलैंड हो या हनोई...इन देशों तक जाने के लिए अब मिलेंगी सीधी फ्लाइट, मजेदार होंगी गर्मी की छुट्टियां

गर्मियों की छुट्टियां शुरू होते ही लोग घूमने की योजना बनाने लगते हैं। अगर आप विदेश जाने का सोच रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। भारत के कई बड़े शहरों से वियतनाम के हनोई और जॉर्डन के अम्मान जैसी जगहों के लिए नई डायरेक्ट फ्लाइट शुरू हो रही हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में

अपडेटेड Mar 10, 2025 पर 8:24 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
आइए जानते हैं किन-किन देशों के लिए कब से डायरेक्ट फ्लाइट शुरू हो रही हैं (Photo Credit: Canva)

देश में गर्मियों की शुरुआत हो गई है। गर्मियों की छुट्टियों में अक्सर लोग अपने परिवार के साथ कही ना कही घूमने का प्लान बनाते हैं। अगर आप देश के बाहर कहीं पर घूमने का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए काम की है। भारत के कई बड़े शहरों से इन देशों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट शुरू हो रही हैं। जिससे आप आसानी से वहां पर पहुंच सकते हैं।

अब मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद से वियतनाम के हनोई और जॉर्डन के अम्मान जैसी जगहों के लिए नई डायरेक्ट फ्लाइट शुरू हो रही हैं। आइए जानते हैं किन-किन देशों के लिए कब से डायरेक्ट फ्लाइट शुरू हो रही हैं।

जॉर्डन: रॉयल जॉर्डनियन एयरलाइंस जल्दी ही मुंबई और दिल्ली से अम्मान के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने वाली है। मुंबई से उड़ानें 17 अप्रैल 2025 से हफ्ते में चार बार चलेंगी। वहीं दिल्ली से ये सेवा 17 सितंबर 2025 से शुरू होगी। अच्छी बात यह है कि भारतीय नागरिकों को जॉर्डन पहुंचने पर वीजा मिल सकता है।


वियतनाम: खबरों के मुताबिक, वियतनाम एयरलाइंस जल्द ही बेंगलुरु और हैदराबाद से हनोई के लिए सीधी उड़ानें शुरू कर सकती है, हालांकि तारीख की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल, दिल्ली, मुंबई और कोच्चि से हनोई और हो ची मिन्ह सिटी के लिए डायरेक्ट फ्लाइट अवेलेबल हैं। वियतनाम जाने के लिए भारतीय नागरिकों को ई-वीजा की जरूरत होती है जो 90 दिनों तक वैलिड होता है।

थाईलैंड: मुंबई से अब थाईलैंड के क्रबी की यात्रा और आसान हो जाएगी। इंडिगो 23 मार्च से मुंबई से क्रबी के लिए सीधी उड़ानें शुरू कर रही है, जो हफ्ते में छह दिन उपलब्ध होगी। ये उड़ान हर दिन (मंगलवार को छोड़कर) शाम 4:55 बजे मुंबई से रवाना होगी, जबकि क्रबी से वापसी रात 11:55 बजे होगी। अच्छी खबर यह है कि भारतीयों के लिए थाईलैंड में वीजा की जरूरत नहीं होगी।

मालदीव: एयर इंडिया ने दिसंबर 2024 से मुंबई और दिल्ली से मालदीव के लिए रोजाना सीधी उड़ानें शुरू करने का ऐलान किया है। फिलहाल, दिल्ली और बेंगलुरु से एक-एक और मुंबई से माले के लिए दो नॉन-स्टॉप उड़ानें उपलब्ध हैं। भारतीय यात्री मालदीव पहुंचने पर 30 दिन का वीजा आसानी से ले सकते हैं।

सेशेल्स: हिंद महासागर में बसा सेशेल्स एक खूबसूरत आइलैंड जो अपनी शानदार नेचुरल व्यूटी और समृद्ध कल्चर के लिए जाना जाता है। यहां सफेद रेत वाले समुद्र तट और हरे-भरे जंगल टूरिस्ट को काफी पसंद आते हैं। इंडिगो 22 मार्च से मुंबई से सेशेल्स के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने जा रहा है। ये उड़ाने हफ्ते में चार बार संचालित होंगी। भारतीय यात्रियों को यहां जाने के लिए लेटर ऑफ अथॉरिटी चाहिए होता है जो 24 घंटे के भीतर प्राप्त किया जा सकता है।

सऊदी अरब: इंडिगो ने 20 फरवरी से हैदराबाद से मदीना के लिए हफ्ते में तीन बार डायरेक्ट फ्लाइट शुरू करने का ऐलान किया है। मदीना इस्लाम के पवित्र शहरों में से एक है। फिलहाल, दिल्ली, मुंबई और कोझिकोड से भी वहां के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं। सऊदी अरब जाने के लिए भारतीय यात्रियों को वीजा लेना होगा, जो ऑनलाइन प्राप्त किया जा सकता है और यात्रा के उद्देश्य व अवधि पर निर्भर करेगा।

संयुक्त अरब अमीरात: इंडिगो 15 मार्च से कोच्चि और संयुक्त अरब अमीरात के रास अल खैमाह के बीच डेली डायरेक्ट फ्लाइट शुरू करेगा। दुबई से करीब एक घंटे की दूरी पर स्थित यह जगह अपनी खूबसूरत पहाड़ियों, लंबी जिपलाइन और ट्रेकिंग ट्रेल्स के लिए फेमस है। यहां से यूएई के सबसे ऊंचे पहाड़, जेबेल जैस का शानदार नजारा भी देखा जा सकता है।

Recurring Deposit: कैसे खोल सकते हैं रेकरिंग डिपॉजिट अकाउंट, यहां जानें स्टेप बाय स्टेप तरीका

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।