सोशल मीडिया पर दिल्ली में एक उबर ड्राइवर के शानदार गाड़ी की काफी चर्चा हो रही है। आमतौर पर लोग कैब से अपनी मंजिल तक जल्दी से जल्दी पहुंचने के लिए सफर करते हैं, लेकिन दिल्ली में एक उबर ड्राइवर की गाड़ी में बैठने के बाद आपको शायद ही अपनी यात्रा खत्म करने का मन करें। इस उबर कैब के अंदर की शानदार सुविधाएं दी जा रही हैं।
हाल ही में Reddit पर एक तस्वीर वायरल हुई है, जिसमें कार में पैसेंजर्स के लिए फ्री स्नैक्स, पानी, वाई-फाई, परफ्यूम, दवाइयां, हैंडहेल्ड फैन, टिशूज, सैनिटाइजर और यहां तक कि ऐशट्रे जैसी सुविधाएं भी दी जाती हैं।
फ्लाइट से बेहतर है सुविधाएं
अब्दुल कादिर की टैक्सी जो एक ड्रीम टैक्सी जैसी लगती है। यह टैक्सी यात्रियों के लिए सिर्फ एक सुरक्षित और आरामदायक सफर नहीं बल्कि ढेर सारी सुविधाएं भी प्रदान करती है। कैब की तस्वीर पोस्ट करने वाले एक यूजर ने इसे फ्लाइट की सुविधाओं से भी बेहतर बताया। इसके अलावा ड्राइवर ने कार की छत पर एक बोर्ड पर अपनी सोच लिखी, जिसमें लिखा था, "हम कपड़ों से किसी भी धर्म की पहचान कर सकते हैं। हमें एक-दूसरे के प्रति विनम्र और समाज के लिए अच्छे कामों से प्रेरित होना चाहिए।"
एक भी राइड नहीं की कैसिंल
कुछ साल पहले इस टैक्सी ड्राइवर ने सुर्खियां बटोरीं थीं, जब उन्होंने एक यात्री से कहा था कि वह कभी अपनी यात्रा रद्द नहीं करते और किसी भी सुविधा के लिए कभी भी शुल्क नहीं लेते हैं। वहीं 28 जनवरी को शेयर किया गया यह पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर लोग ड्राइवर की शानदार ग्राहक सेवा और उसकी अनोखी पहल की तारीफ कर रहे हैं।
लोगों ने किया मजेदार कमेंट
एक यूजर ने कैब ड्राइवर की तारीफ करते हुए कहा, "उन्हें नाम और प्रसिद्धि मिलनी चाहिए, वह इसके हकदार हैं।" कई अन्य यूजर्स ने भी ड्राइवर की तारीफ की, कुछ ने तो यह तक कहा कि वे ऐसी सेवा के लिए प्रीमियम देने को तैयार हैं। एक यूजर ने कहा, "यह तो एक चलते-फिरते एमबीए डिग्री जैसा है!" कई लोगों ने तो यह भी पूछा कि क्या वे उन्हें सीधे काम पर रख सकते हैं और कुछ ने यह जानने की कोशिश की कि ड्राइवर को कहां से बुक किया जा सकता है।