दादर में टोरेस ज्वेलरी ऑफिस के बाहर निवेशकों की एक बड़ी भीड़ जमा हो गई। ये कंपनी की स्कीम के तहत वादा किए गए रिटर्न की वापसी की मांग कर रहे थे। कई लोगों ने रिटर्न का वादा करने वाली स्कीम में लाखों रुपए निवेश किए थे। कंपनी ने शुरुआत में स्कीम की इंस्टॉलमेंट दी थीं, लेकिन पिछले दो हफ्तों में निवेशकों को कोई किश्त नहीं मिली। इसी के चलते निवेशकों को दादर में टोरेस ऑफिस के बाहर इकट्ठा होने के लिए मजबूर होना पड़ा। मुंबई पुलिस मौके पर पहुंची और ऑफिस के एंट्री गेट पर सुरक्षा तैनात कर दी। बताया जा रहा है कि कंपनी का मालिक फिलहाल विदेश में रह रहा है।
स्कीम के मुताबिक, कंपनी ने निवेश पर 10 फीसदी का वीकली रिटर्न देने का वादा किया था। हालांकि, निवेशकों ने दावा किया कि उन्हें दो हफ्ते तक कोई रिटर्न नहीं मिला और न ही कंपनी से कोई मैसेज मिला।
Hindustan Times ने एक निवेशक के हवाले से बताया, "स्टोर की शुरू की गई स्कीम में ₹1 लाख का निवेश करने पर, ग्राहकों को मोइसानाइट स्टोन वाले पेंडेंट पर ₹10,000 की छूट मिलेगी।"
निवेशक ने बताया, "ग्राहकों और निवेशकों को निवेश की गई रकम का अगले 52 हफ्तों में 6% भुगतान करने का भी वादा किया गया था। उन्होंने फरवरी 2024 में योजनाएं शुरू की थीं और इस फरवरी में उन्हें एक साल पूरा होना था।"
निवेशक मांग रहे अपना असल पैसा
यह स्कीम पिछले एक साल से मुंबई के कई हिस्सों में चल रही है। टोरेस दिसंबर तक रेगुलर पेमेंट कर रहा था। हालांकि, निवेशकों को पिछले दो हफ्तों से इंस्टॉलमेंट मिलना बंद हो गई।
फिलहाल निवेशक स्कीम की असल रकम की मांग कर रहे हैं। कई निवेशकों को यह कहते हुए सुना गया, "हमें ब्याज नहीं, बस अपना पैसा वापस चाहिए।"
टोरेस ज्वैलरी के शोरूम पूरे मुंबई में ग्रांट रोड, नवी-मुंबई, कल्याण और मीरा रोड जैसे इलाको में हैं। कथित तौर पर, पुलिस ने निवेशकों को धोखा देने के आरोप में कंपनी के शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की है।
टोरेस ने अपने CEO और CA पर लगाए धोखाधड़ी के आरोप
हालांकि, टोरेस ज्वेलरी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में अपने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) तौसीफ रेयाज़ पर ही एक धोखाधड़ी वाली योजना चलाने का आरोप लगाया है।
पोस्ट में कहा गया है, "पहले, हमें पता चला कि उन्होंने एक धोखाधड़ी योजना चलाई थी, और उन्होंने कई महीनों तक कंपनी के पैसे को व्यवस्थित रूप से हड़प लिया।"
इस पोस्ट में लिखा गया कि दो टोरेस कर्मचारियों- सीईओ तौसीफ रेयाज और CA अभिषेक गुप्ता और उनके साथियों ने टोरेस स्टोर्स को लूट लिया!
इसमें लिखा गया, "इससे पहले, हमें पता चला कि उन्होंने एक धोखाधड़ी वाली योजना बनाई थी, और उन्होंने कई महीनों तक कंपनी के पैसे को व्यवस्थित रूप से हड़प लिया। टोरेस सिक्योरिटी सर्विस के पास पर्याप्त सबूत हैं, जो पहले ही पुलिस को सौंप दिए गए हैं!"
पोस्ट में कहा गया, "उन्होंने अपने अपराध में दूसरे कर्मचारियों को भी शामिल करने का निर्णय लिया। इन्हीं दो लोगों ने उन्हें उकसाया और बड़ी संख्या में कर्मचारियों को शामिल कर रात में स्टोर लूट लिया। घटना से जुड़े सभी मटिरियल पुलिस को ट्रांसफर किया जा रहा है! डकैती में शामिल सभी लोगों को सजा मिलेगी!"