भारत सरकार ने सड़क पर चलने के लिए कुछ नियम बनाए हैं। जिनका पालन करना हर किसी के लिए बेहद जरूरी है। अगर आप नियमों का पालन नहीं करते हैं तो मोटा जुर्माना भरना पड़ सकता है। देश में हर साल महीने लाखों लोगों का करोड़ों रुपये में चालान कटता है। इस बीच सरकार ने अब ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जुर्माने की राशि 10 गुना बढ़ा दी गई है। देश भर में यह नियम 1 मार्च 2025 से लागू हो चुका है। खासकर शराब पीकर गाड़ी चलाने, बिना हेलमेट के बाइक चलाने और खतरनाक ड्राइविंग जैसे अपराधों के लिए जुर्माने में भारी बढ़ोतरी की गई है।
बता दें कि भारत को दुनिया में सबसे ज्यादा सड़क दुर्घटनाओं वाला देश माना जाता है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि साल 2023 में देश में 4.80 लाख से ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं हुईं थी। जिनमें 1.72 लाख से ज्यादा लोगों की जान चली गई।
ड्रंक ड्राइविंग पर भारी सजा
अगर आप शराब पीकर गाड़ी चला रहे हैं तो अब आपको सिर्फ मामूली जुर्माना भरकर बचने का मौका नहीं मिलेगा। नए नियमों के अनुसार, पहली बार पकड़े जाने पर 10,000 रुपये और इसके साथ ही या 6 महीने की जेल भी हो सकती है। वहीं, अगर आप दोबारा यही गलती करते हैं, तो 15,000 रुपये और इसके साथ ही 2 साल तक की जेल हो सकती है। पहले सिर्फ 1000 से 1500 रुपये तक का जुर्माने का प्रावधान था।
बिना हेलमेट और सीट बेल्ट पर भी सख्ती
वहीं टू व्हीलर चलाने वालों के लिए भी नियम कड़े कर दिए गए हैं। बिना हेलमेट गाड़ी चलाने पर अब 1,000 रुपये का जुर्माना लगेगा। इसके साथ ही तीन महीने के लिए लाइसेंस भी सस्पेंड किया जाएगा। वहीं, कार में सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगेगा। अगर ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल अब और भी महंगा पड़ सकता है। पहले इसका जुर्माना 500 रुपये था। जिसे अब बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दिया गया है।
बीमा नहीं होने पर कटेगा मोटा चालान
वहीं वाहन का बीमा नहीं होने पर 2000 रुपये जुर्माना लगेगा। ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने पर 5,000 रुपये जुर्माना भरना होगा। बार बार बीमा का उल्लंघन करने पर 4,000 रुपये जुर्माना लगेगा।