Ukraine-Russia War: केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह (General VK Singh) ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेन की राजधानी कीव में कथित तौर पर गोली लगने के बाद एक भारतीय छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि आज खबर मिली कि कीव से आ रहे एक छात्र को गोली लग गई और उसे बीच रास्ते से ही वापस कीव ले जाया गया।
नागर विमानन राज्य मंत्री सिंह ने कहा कि उसे तुरंत कीव के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हम कम से कम नुकसान में ज्यादा से ज्यादा बच्चों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि यह सब युद्ध के बीच हो रहा है। सिंह उन चार मंत्रियों में से एक हैं जिन्हें युद्ध प्रभावित यूक्रेन से भारतीयों की निकासी की निगरानी के लिए यूक्रेन के पड़ोसी देशों में विशेष दूत के रूप में भेजा गया है।
यह यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव में एक भारतीय छात्र के मारे जाने के कुछ दिनों बाद आया है, जहां मिसाइल हमलों की सूचना मिली है। सिंह इस समय युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए उसके पड़ोसी देश पोलैंड में हैं।
गौरतलब है कि एक मार्च को यूक्रेन के खारकीव में गोली लगने से कर्नाटक के छात्र नवीन एसजी की मौत हो गई थी। वह घटना के वक्त अपने और साथी छात्रों के लिए भोजन लेने बाहर निकला था। सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रही है कि कम से कम नुकसान के साथ अधिक से अधिक छात्र यूक्रेन से बाहर आ सकें।
भारत, रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद से युद्धग्रस्त देश में फंसे अपने नागरिकों को रोमानिया, हंगरी और पोलैंड के रास्ते स्वदेश ला रहा है। सात दिनों में लगभग 18,000 भारतीय देश लौट आए हैं> सरकार ने गुरुवार को कहा कि अगले दो दिनों में लगभग 7,000 लोगों के सुरक्षित लौटने की उम्मीद है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि हमारी पहली एडवाइजरी जारी होने के बाद कुल 18,000 भारतीय नागरिक यूक्रेन से भारत लौटे हैं। ऑपरेशन गंगा के तहत 30 उड़ानें अब तक यूक्रेन से 6,400 भारतीयों को लेकर भारत पहुंचीं हैं। अगले 24 घंटों में 18 और फ्लाइट शेड्यूल हैं।
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का आज नौवां दिन है। रूस और यूक्रेन के बीच 24 फरवरी को युद्ध शुरू हुआ था। इसके बाद रूस लगातार यूक्रेन के बड़े शहरों को निशाना बना रहा है। रूसी सेना ने राजधानी कीव और यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में अपने हमलों को तेज कर दिया है।