Russia-Ukraine war: वीडियो-शेयरिंग प्लेटफॉर्म यूट्यूब (YouTube) ने मंगलवार को कहा कि उसने यूक्रेन में चल रहे युद्ध को ध्यान में रखते हुए पूरे यूरोप में रूसी चैनलों आरटी (RT) और स्पुतनिक (Sputnik) को ब्लॉक कर दिया है। इससे पहले यूरोपीय संघ ने रूस द्वारा अपने पड़ोसी यूक्रेन पर आक्रमण करने के कदम के जवाब में रूसी मीडिया आउटलेट आरटी और स्पुतनिक पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया था।
रॉयटर्स के मुताबिक, रूस द्वारा यूक्रेन में किए गए हमले के कारण YouTube पूरे यूरोप में रूसी समर्थित मीडिया आउटलेट RT (जिसे पहले रूस टुडे कहा जाता था) और स्पुतनिक से जुड़े चैनलों को तुरंत प्रभावी रूप से ब्लॉक कर दिया है। YouTube के एक प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि हमारे सिस्टम को पूरी तरह से ठीक होने में समय लगेगा। हमारी टीमें तेजी से कार्रवाई करने के लिए 24 घंटे स्थिति की निगरानी कर रही हैं।
यह कदम YouTube द्वारा RT के आधिकारिक चैनल पर मॉनेटाइजेशन को रोकने के कदमों की घोषणा के बाद आया है। यह कदम तब आया है जब बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियां रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच में फंस गई हैं। इस बीच, ट्विटर ने यह भी घोषणा की कि वह रूसी सरकार से संबंधित मीडिया के ट्वीट्स पर एक लेबल लगाएगा।
इस बीच फेसबुक की मूल कंपनी मेटा (Meta) ने भी अब पूरे यूरोपीय संघ में रूसी राज्य मीडिया आउटलेट आरटी और स्पुतनिक को ब्लॉक कर दिया है। आरटी और स्पुतनिक पेज अब ईयू में फेसबुक और इंस्टाग्राम पर दिखाई नहीं देंगे। मेटा में वैश्विक मामलों के अध्यक्ष निक क्लेग ने ट्विटर पर कहा कि हमें रूसी राज्य नियंत्रित मीडिया के संबंध में और कदम उठाने के लिए कई सरकारों और यूरोपीय संघ से अनुरोध प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने सोमवार देर रात पोस्ट किया था, "मौजूदा स्थिति की असाधारण प्रकृति को देखते हुए, हम इस समय पूरे यूरोपीय संघ में आरटी और स्पुतनिक तक पहुंच को प्रतिबंधित कर देंगे।" सोशल नेटवर्क ने रूसी राज्य मीडिया को भी प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन देने से रोक दिया है।
मेटा ने पहले यूक्रेन में कई रूसी राज्य-नियंत्रित अकाउंट तक पहुंच को अवरुद्ध कर दिया था। सोशल नेटवर्क ने कहा कि वह अपने देशों में इन अकाउंट्स तक पहुंच को प्रतिबंधित करने के लिए अन्य सरकारों के अनुरोधों की भी समीक्षा कर रहा है।
मेटा ने यूक्रेन में ऐसे लोगों को ब्लॉक करने के लिए एक नेटवर्क भी बंद कर दिया है, जिन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रूसी आक्रमण के बारे में गलत सूचना फैलाने के लिए समाचार संपादकों, विमानन इंजीनियरों और लेखकों के रूप में प्रस्तुत किया था।