शर्मनाक! महाराष्ट्र में केंद्रीय मंत्री की बेटी से मनचलों ने की छेड़छाड़, सुरक्षा गार्ड के साथ की हाथापाई, FIR दर्ज कराने थाने पहुंची रक्षा खडसे, 1 गिरफ्तार

Minister Daughter Harassed: केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने रविवार (2 मार्च) को मीडिया से कहा कि शुक्रवार रात को मेरी बेटी मुक्ताईनगर में मेला देखने गई थी। इस दौरान कुछ लड़कों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। एक अधिकारी ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है

अपडेटेड Mar 02, 2025 पर 4:23 PM
Story continues below Advertisement
Minister Daughter Harassed: केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे खुद जलगांव पुलिस स्टेशन में बेटी के साथ छेड़छाड़ की शिकायत करने पहुंची

Minister Daughter Harassed: महाराष्ट्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे की बेटी से जलगांव जिले के मुक्ताईनगर इलाके में एक मेले के दौरान कुछ युवकों ने छेड़छाड़ की। रक्षा खडसे की बेटी के साथ छेड़छाड़ करने वाले मनचलों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। केंद्रीय मंत्री ने बेटी के साथ हुई छेड़छाड़ को लेकर खुद थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई थी। डीवाईएसपी कुषणात पींगड़े ने बताया कि 28 फरवरी 2025 को कोथरी गांव की यात्रा के दौरान आरोपी अनिकेत भुई, पीयूष मोरे, सोहम कोडी, अनुज पाटिल, किरण माली और सचिन पालवे ने तीन या चार लड़कियों पर अनुचित टिप्पणी की थी। हमने छेड़छाड़, पोक्सो और विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

अधिकारी ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक उन्होंने बताया, "इनमें से एक आरोपी अनिकेत के ऊपर पहले भी दो-चार मामले दर्ज हुए थे। केंद्रीय मंत्री के सुरक्षा गार्ड के साथ मेले में हाथापाई हुई थी। उसकी भी शिकायत ली गई है और इस मामले में मामला दर्ज किया गया है।" फिलहाल केंद्रीय मंत्री की शिकायत पर पुलिस ने बाकी आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने रविवार (2 मार्च) को मीडिया से कहा, "शुक्रवार रात को मेरी बेटी मुक्ताईनगर में मेला देखने गई थी। इस दौरान कुछ लड़कों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। इस मामले को लेकर आज मैं पुलिस स्टेशन आई हूं और दोषियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।"


उन्होंने कहा, "मैं एक केंद्रीय मंत्री और सांसद के तौर पर नहीं बल्कि एक मां के तौर पर न्याय मांगने थाने आई हूं। अगर मेरी अपनी बेटी सुरक्षित नहीं है तो दूसरों की क्या स्थिति होगी? राज्य सरकार से कानून के क्रियान्वयन को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग करूंगी। अगर एक प्रतिनिधि की बेटी को छेड़ा जा रहा है तो दूसरों का क्या होगा?"

उन्होंने आगे कहा कि ऐसी घटनाओं को लेकर मैं मुख्यमंत्री से मिलकर कार्रवाई की मांग करूंगी। रिपोर्ट के मुताबिक, रक्षा खडसे की बेटी अन्य तीन-चार लड़कियों के साथ घूमने के लिए मुक्ताईनगर के कोटडी गांव में गई थी। इस दौरान कुछ बदमाशों ने उनके साथ छेड़छाड़ की।

सीएम का आया बयान

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने रविवार को कहा, "एक पार्टी के कुछ पदाधिकारियों ने ऐसा किया है। यह घटिया हरकत है, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। इस तरह की छेड़छाड़ गलत है, उन्हें माफ नहीं किया जा सकता और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।" सीएम ने कहा कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी छह संदिग्धों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने बताया कि पोक्सो एक्ट, छेड़छाड़ और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

SDPO मुक्ताईनगर कृष्णत पिंगले ने बताया, "28 फरवरी 2025 को मुक्ताईनगर तालुका के कोथली गांव में एक यात्रा थी। मुक्ताईनगर शहर के अनिकेत घुई और उसके 6 दोस्त यात्रा में भाग ले रहे थे। इसी यात्रा में अनिकेत घुई और उसके दोस्तों ने 3-4 लड़कियों का पीछा किया और उनके साथ छेड़छाड़ की। इसलिए हमने पीछा करने, छेड़छाड़ करने और पॉक्सो एक्ट के साथ-साथ आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पूर्व मंत्री और रक्षा के ससुर एकनाथ खडसे ने कहा कि पुलिस को पहले भी इन युवकों के खिलाफ कई शिकायतें मिल चुकी हैं।

ये भी पढ़ें- BSP में बड़ा उलटफेर, मायावती ने अपने उत्तराधिकारी आकाश आनंद को सभी पदों से हटाया

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।