उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के खुटार क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक बैंक के एटीएम से 200 रुपये निकालने पर 500 की नोट निकल रही थी। इसके बाद पैसे निकलाने वालों की लाइन लग गई। जो कोई आता वहीं 200 की जगह 500 की नोट निकालकर मालामाल हो रहा था। यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। इसके बाद बैंक को करीब 5 लाख रुपये से ज्यादा का चूना लग गया। मामले की जानकारी होने के बाद एटीएम में रुपये डालने वाली कंपनी के मैनेजर ने 15 दिन बाद रिपोर्ट दर्ज कराई है। अब रुपये निकालने वालों की तलाश में पुलिस जुट गई है।
दरअसल, खुटार थाना क्षेत्र के तिकुनियां में स्थित इंडिया नंबर 1 एटीएम में कर्मचारियों ने 200 रुपये के कैसेट में 500 रुपये के नोट भर दिए थे। सीएमएस इनफो सिस्टम लिमिटेड कंपनी के कर्मचारियों ने यह गलती की थी। कंपनी को इस गलती का पता तब चला जब कर्मचारी दोबारा रिफलिंग के लिए पहुंचे थे।
फर्रुखाबाद के थाना मऊ दरवाजा के मोहल्ला बजरिया मौलवी बदन खां निवासी अभय सिंह यादव ने बताया कि वह सीएमएस इंफो सिस्टम्स लिमिटेड में ब्रांच मैनेजर हैं। उनकी कंपनी अलग-अलग बैंकों से रुपये लेकर एटीएम में रिफलिंग का काम करती है। ब्रांच मैनेजर अभय सिंह यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि यह गलती दो कस्टोडियन - सुहेली गांव के अतुल कुमार सिंह और गोविंदपुरा के आशीष पांडेय की है। कंपनी ने एटीएम से अधिक राशि निकालने वाले ग्राहकों से रिकवरी की मांग की है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार उन ग्राहकों की पहचान की जा रही है जिन्होंने इस दौरान एटीएम से पैसे निकाले हैं।
बदायूं में SBI एटीएम उगलने लगी दोगुने पैसे
इससे पहले उत्तर प्रदेश के बदायूं में कस्बा सैदपुर के एसबीआई बैंक के एटीएम से दोगुना पैसे मिकलने लगे। इस दौरान 2 घंटे में तकरीबन 100 लोगों ने 4 लाख रुपये की रकम निकाली और एटीएम ने उन्हें 8 लाख रुपये दे दिए। इस दौरान जिस ग्राहक ने 5,000 रुपये निकाला, एटीएम ने उन्हें 10,000 रुपये दिए।