UP Murder News: मेरठ में पुलिस के सामने ही युवक की पीट-पीटकर हत्या, किसी ने बचाने की नहीं की कोशिश

Murder in Meerut: रोडरेज की एक मामूली घटना में आधा दर्जन हमलावरों ने एक बाइक सवार युवक की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि यह हत्या पुलिस के सामने ही हुई। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन बाकी हत्यारोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बाइक साइड लगने पर आरोपी असलम को तब तक पीटते रहे, जब तक वह अधमरा नहीं हो गया

अपडेटेड Mar 07, 2025 पर 1:33 PM
Murder in Meerut: मेरठ में पुलिस के सामने युवक की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई

Murder in Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक बेहद परेशान करने वाला मामला सामने आया है। मेरठ के सरधना में गंगनहर पुल पर गुरुवार (6 मार्च) को रोडरेज की एक मामूली घटना में आधा दर्जन हमलावरों ने एक बाइक सवार युवक की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि यह हत्या पुलिस के सामने ही हुई। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन बाकी हत्यारोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बाइक साइड लगने पर आरोपी असलम को तब तक पीटते रहे, जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। आरोपियों ने उसके पिता और चाचा को भी बेरहमी से पीटा।

उस दौरान जाम लगने के कारण वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। लेकिन सभी तमाशबीन बने रहे। युवक की मदद को कोई आगे नहीं आया। घायल असलम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों मृत घोषित कर दिया गया। फिलहाल, उसके पिता और ताऊ का इलाज चल रहा है।

लाइव हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, पिठलौकर के रहने वाले 20 वर्षीय असलम गन्ना सेंटर पर मजदूरी का काम करता था। गुरुवार दोपहर सरधना गंगनहर पुल के पास गन्ने से लदा एक ट्रक हादसे का शिकार हो गया था। गन्न्ने दूसरे ट्रक में भरवाने की जिम्मेदारी मिल अधिकारियों ने असलम को ही दी। असलम अपने पिता इस्तकार और पड़ोसी जब्बार के साथ बाइक से सरधना के लिए रवाना हुआ।


जब वह जा रहा था तो देखा कि सरधना गंगनहर पुल के पास भारी जाम लगा था। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक उसकी बाइक के आगे खड़े थे। असलम की बाइक आरोपी युवकों की बाइक से हल्की सी चकरा गई। इस पर आरोपियों ने उसे पीटना शुरु कर दिया। कुछ देर बाद लाठी-डंडों से लैश आरोपी आधा दर्जन युवकों के साथ वहां पहुंचे। मौके पर पहुंचते ही हमलावरों ने असलम, उसके पिता इस्तकार एवं जब्बार पर डंडों से हमला करना शुरू दिया। सिर में डंडे लगने से असलम गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि उसके पिता एवं ताऊ ने शोर मचाया तो वहां मौजूद पुलिस दौड़ी।

पुलिस को देखकर आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने भाग रहे आरोपियों में से एक आरोपी को पकड़ लिया। लेकिन बाकी फरार होने में सफल रहे। परिजनों ने अमर उजाला को बताया कि असलम चार भाई एवं चार बहन थे। इनमें असलम सबसे बड़ा था। उसकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में भी शोक की लहर है।

ये भी पढ़ें- Tahawwur Rana Extradition: तहव्वुर राणा के भारत आने का रास्ता साफ, प्रत्यर्पण के खिलाफ आतंकी की अर्जी US कोर्ट में खारिज

सूचना पर भाकियू आंदोलनकारी संगठन के नगर अध्यक्ष अकरम बाबू पीड़ित परिजनों के साथ सरधना थाने पहुंचकर आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल ने अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।