Bareilly Explosion: उत्तर प्रदेश के बरेली में पटाखा फैक्ट्री में बड़ा विस्फोट, 5 लोगों की मौत, 4 घायल

Bareilly Explosion: उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के सिरौली क्षेत्र स्थित एक पटाखा निर्माण कंपनी में बुधवार को हुए भीषण विस्फोट में दो और लोगों की मौत के साथ इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। यूपी पुलिस मामले की जांच कर रही है। पटाखा फैक्ट्री अवैध बताई जा रही है

अपडेटेड Oct 03, 2024 पर 11:12 AM
Bareilly Explosion: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त किया (फाइल फोटो)

Bareilly Firecracker Explosion: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बुधवार (2 अक्टूबर) को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, घटना जिले के आंवला तहसील स्थित सिरौली थाना अंतर्गत कल्याणपुर हैवतपुर की है। बताया जा रहा है कि यहां एक घर में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। इसी दौरान बुधवार शाम पांच बजे के करीब एक जोर का धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ कच्चे मकानों को भी नुकसान हुआ है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य ने घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही संबंधित थानाप्रभारी को हटा दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। आंवला के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) एन. राम ने गुरुवार (3 अक्टूबर) को पीटीआई को बताया कि बुधवार रात दो और मौतों के साथ घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बुधवार को सिरौली थाना क्षेत्र में एक पटाखा निर्माण यूनिट में बुधवार शाम करीब चार बजे हुए विस्फोट में आसपास की कुछ इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। इकाई के संचालक नासिर के लाइसेंस की जांच की जा रही है। घटना में चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी को रामनगर के जन स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।


गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं में फातिमा (35) और सितारा (55) शामिल हैं। रहमान शाह (60) और छोटी बेगम (55) को सिर में चोट लगी है। दीपावली से पहले इन दिनों जगह-जगह अवैध पटाखा फैक्ट्री चल रहे हैं। इनमें सुरक्षा के उपाय न अपनाये जाने के कारण अक्सर धमाके हो जाते हैं जिनमें कई लोगों की मौत की खबरें आ रही हैं। मरने वालों में सबसे ज्यादा गरीब मजदूर होते हैं।

4 अधिकारी निलंबित

एसएसपी आर्य ने उप निरीक्षक देशराज सिंह, नाहर सिंह, कांस्टेबल अजय और सुरेंद्र सहित चार पुलिसकर्मियों को लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया है। इसके अलावा सिरौली के थाना प्रभारी रवि कुमार को हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया है और क्षेत्राधिकारी गौरव सिंह के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। एसएसपी आर्य ने कहा कि घटना शाम करीब चार बजे हुई। उन्होंने कहा कि यह पाया गया है कि नासिर के पास किसी अन्य स्थान के लिए विस्फोटकों का लाइसेंस था, लेकिन जिस घर में विस्फोट हुआ वह उसके ससुराल वालों का था।

विस्फोट के लिए किसी अन्य विस्फोटक सामग्री की मौजूदगी की संभावना से इनकार करते हुए आर्य ने कहा, "हमने मौके से स्थानीय स्तर पर बने पटाखों के अवशेष बरामद किए हैं। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि विस्फोट इन्हीं पटाखों के कारण हुआ।"

ये भी पढ़ें- RJD के बिहार महासचिव पंकज यादव पर हमला, मुंगेर में मॉर्निंग वॉक के दौरान मारी गोली

क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक राकेश सिंह ने कहा, "विस्फोट से आसपास की तीन-चार इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। पटाखा इकाई चलाने वाले व्यक्ति की पहचान नासिर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उसके पास लाइसेंस था, जिसके विवरण की जांच की जा रही है।"

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को विस्फोट में घायल लोगों का उचित इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।