UP: शादी में दंगे का साया, पुलिस की चूक ने बढ़ाया तनाव, चौकी प्रभारी सस्पेंड

बुलंदशहर के गांव धमरावली में 20 फरवरी को बारात पर हमले से तनाव फैल गया। पीड़ित पक्ष ने पहले ही सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन चौकी प्रभारी की लापरवाही से हिंसा भड़क गई, जिसमें कई लोग घायल हुए। एसएसपी ने चौकी प्रभारी को निलंबित कर जांच के आदेश दिए। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है

अपडेटेड Mar 03, 2025 पर 12:57 PM
UP: बुलंदशहर में बारात पर हमला, पुलिस की अनदेखी से भड़का विवाद

बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव धमरावली में 20 फरवरी को बारात पर हुए हमले ने इलाके में भारी तनाव पैदा कर दिया। इस घटना में तीन महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित पक्ष ने पहले ही पुलिस को संभावित हमले की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन चौकी प्रभारी ने इसे नजरअंदाज कर दिया। न तो उन्होंने उच्चाधिकारियों को सूचित किया और न ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। लापरवाही का नतीजा ये हुआ कि बारात के दौरान हिंसा भड़क गई।

इस मामले में पुलिस की बड़ी चूक सामने आने के बाद एसएसपी ने ठंडी प्याऊ चौकी प्रभारी राजेश यादव को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल, गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, और दोनों पक्षों में तनाव बरकरार है।

बारात पर हमला


गांव धमरावली में 20 फरवरी की रात एक परिवार के युवक की बारात निकाली जा रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने बारात पर हमला कर दिया। इस हमले में तीन महिलाओं समेत छह से सात लोग घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने पहले ही मारपीट की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पहले भी मिल चुकी थी धमकियां

पीड़ित पक्ष ने 16 फरवरी को भी इसी तरह की घटना होने का दावा किया था, जब एक अन्य युवक की बारात निकली थी। उस वक्त भी दूसरे पक्ष ने हंगामा कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी। 20 फरवरी को बारात से पहले पीड़ित पक्ष ने लिखित रूप में पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन चौकी प्रभारी ने इसे नजरअंदाज कर दिया।

मंदिर जाने और डीजे बजाने पर मिली थी धमकी

पीड़ित परिवार का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने बारात को मंदिर जाने से भी रोका और डीजे पर गाने बजाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। इसके बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे ये बड़ा विवाद हो गया।

चौकी प्रभारी की लापरवाही उजागर

जांच में ठंडी प्याऊ चौकी प्रभारी राजेश यादव की लापरवाही सामने आई है। उन्होंने न तो गांव जाकर स्थिति का जायजा लिया और न ही इस मामले को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया। पुलिस की इसी लापरवाही के कारण 20 फरवरी की रात हिंसा भड़की। एसएसपी ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दे दिए।

गांव में भारी पुलिस बल तैनात

इस घटना के बाद से गांव धमरावली में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। दोनों पक्ष लगातार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन दे रहे हैं। माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और पुलिस अब स्थिति पर काबू पाने की कोशिश कर रही है।

Himani Narwal Murder: कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल की सूटकेस में मिली लाश, पार्टी ने की हाई-लेवल जांच की मांग

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।