UP Road Accident: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के गुलावठी क्षेत्र में मंगलवार (4 मार्च) को एक अनियंत्रित कार के नहर में गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की दर्जनाक मौत हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि अमरोहा जिले के नगला बशीर गांव का रहने वाला परिवार सिकंद्राबाद क्षेत्र के नगला काला में एक विवाह समारोह में शामिल होने आया था। लौटते वक्त मंगलवार सुबह उनकी कार गुलावठी थाना क्षेत्र के पितोबास गांव के पास एक छोटी नहर में जा गिरी।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में निपेंद्र (40), हर्ष (12), वंशिका (16) और कन्हैया (15) की मौत हो गई। दुर्घटना में घायल एक महिला का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। कुमार ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
इसके अलावा पुलिस ने बताया कि सोमवार को रायबरेली में एक डंपर ट्रक और ऑटो रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि ऑटो रिक्शा लालगंज से सवारियां लेकर रायबरेली जा रहा था। जैसे ही वह बरस गांव के पास पहुंचा, एक डंपर ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे ऑटो रिक्शा चकनाचूर हो गया।
सिन्हा ने बताया कि तेज आवाज सुनकर राहगीरों ने ऑटो रिक्शा में फंसे लोगों को बाहर निकाला। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान ऑटो रिक्शा चालक रजनीश शर्मा और निगम (20) के रूप में हुई है। दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। सिन्हा ने बताया कि इस दुर्घटना में ऑटो रिक्शा में सवार सात अन्य लोग घायल हो गए।
अधिकारी ने बताया कि सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया। सिन्हा ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की जांच जारी है।