उत्तर प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव होने वाला है। यहां भीषण गर्मी के बीच आगरा, मथुरा समेत कई जिलों में हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में मौसम विभाग ने आज 17 शहरों में बारिश और 35 शहरों में हीटवेव का अलर्ट है। इसमें पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश होने की संभावना जताई गई है। राज्य में 21 मई से लेकर 25 मई तक आगरा, मथुरा, अलीगढ़, महामाया नगर, फिरोजाबाद, जालौन, झांसी और ललितपुर में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
इसके साथ ही पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। आगरा सोमवार को लगातार दूसरे दिन प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 47.7°C रिकॉर्ड किया गया। रविवार को भी यहां पारा 47.7°C रिकॉर्ड किया गया था।
कानपुर में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड
उत्तर प्रदेश के कानपुर में गर्मी ने 14 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया-14 साल बाद कानपुर में रविवार-सोमवार की रात सबसे गर्म दर्ज की गई। 2011 में न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद पहली बार न्यूनतम पारा 30 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, हमीरपुर, महोबा और उसके आसपास के इलाकों में भी लू की लहर चलने की आशंका जताई गई है। फर्रुखाबाद, कानपुर देहात, कानपुर नगर और उसके आसपास के इलाकों में लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं। संतरविदास नगर, गाजीपुर, कन्नौज, मेरठ, कासगंज, बदायूं, महोबा और उसके आसपास के इलाकों में भी लू चल सकती है।
इन जिलों में बारिश के आसार
पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। इस दौरान दोनों हिस्सों में कहीं कहीं पर 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से तेज हवा चल सकती है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है। गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, अयोध्या, अम्बेडकरनगर समेत अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 21 मई से लेकर 25 मई तक इन इलाकों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।