Awadh Ojha join AAP: सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले फेमस टीचर अवध ओझा ने राजधानी दिल्ली में 2 दिसंबर को आम आदमी पार्टी (AAP) का दामन थाम लिया है। AAP के मुखिया अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया की उपस्थिति में अवध ओझा, पार्टी में शामिल हुए। अरविंद केजरीवाल ने इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि दिल्ली की शिक्षा क्रांति से प्रभावित होकर, अवध ओझा अब AAP परिवार का हिस्सा बनने जा रहे हैं और उनके प्रयासों को और आगे बढ़ाने का स्वागत किया जाता है।
आम आदमी पार्टी में शामिल होने पर अवध ओझा ने कहा, "मैं अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझे राजनीति में आकर शिक्षा के लिए काम करने का मौका दिया। शिक्षा एक ऐसा माध्यम है जो परिवार, समाज और राष्ट्र की आत्मा है। आज अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत में मैं आप सभी से यह साझा करना चाहता हूं कि अगर मुझे राजनीति और शिक्षा में से किसी एक को चुनना पड़े तो मैं निश्चित रूप से शिक्षा को चुनूंगा। राजनीति में आकर शिक्षा का विकास ही मेरा सर्वोत्तम उद्देश्य है।"
सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय है अवध ओझा
UPSC टीचर और मोटिवेशनल स्पीकर अवध ओझा मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा से ताल्लुक रखते हैं। सोशल मीडिया पर इनकी लोकप्रियता बहुत ज्यादा है। यूपीएससी की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच यह ओझा सर नाम से काफी फेमस है। अवध ओझा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई और फिर अपना ग्रेजुएशन भी गोंडा से ही किया था। आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि अवध ओझा दिल्ली में किस विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे।
अगले साल दिल्ली में है विधानसभा चुनाव
राजधानी दिल्ली में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस चुनाव के लिए सभी पार्टियां अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गई है। सभी दलों के नेता लोगों से संपर्क करना भी शुरू कर दिया है। वहीं आम आदमी पार्टी ने भी यह साफ कर दिया है कि वह दिल्ली विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं करने वाली है। दिल्ली में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस के बीच देखने को मिल सकता है।