भारत में सोना शुभ माना जाता है। शादी विवाह, पूजा पाठ में सोने का सबसे ज्यादा महत्व होता है। इसलिए आमतौर पर हर घर में सोना रखने की परंपरा है। लेकिन अमेरिका में एक ऐसी जगह है, जहां क्विंटल में नहीं बल्कि कई टन सोना रखा गया है। यह ऐसी जगह में रखा है, जहां अमेरिका के राष्ट्रपति को भी आसानी से एंट्री नहीं मिलती है। इसकी सुरक्षा व्हाइट हाउस से भी तगड़ी होती है। यहां पर परिंदा भी पर नहीं मार सकता है। जिस बिल्डिंग की बात कर रहे हैं उसका नाम फोर्ट नॉक्स है। ये अमेरिका के केंटकी राज्य में है।
इसे दुनिया के सबसे सुरक्षित स्थानों में से एक माना जाता है। सुपर पावर अमेरिका यहां अपने देश के सोने का एक बड़ा भंडार रखता है। फोर्ट नॉक्स वैसे कोई एक इमारत नहीं, बल्कि केंटकी का एक मिलिट्री बेस है। काफी लंबा-चौड़ा है। यहां कैंपस के भीतर अलग-अलग बिल्डिंग्स हैं। जिसमें आर्मी वाले और उनके परिवार के लोग रहते हैं। यही लोग इस बिल्डिंग की रखवाली करते हैं। यहीं एक इमारत के भीतर तिजोरी है। जिसमें सैकड़ों टन सोना रखा गया है।
फोर्ट नॉक्स में कितना सोना है?
युनाइटेड स्टेट मिंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, फोर्ट नॉक्स में मौजूदा समय में करीब 14.7 करोड़ आउंस सोना है। इसे अगर टन में बदलें तो करीब 4175 टन सोना रखा है। इसके अलावा यहां अमरीकी स्वतंत्रता का असली घोषणा पत्र, गुटेनबर्ग की बाइबिल और अमरीकी संविधान की असली कॉपी जैसी अतिमहत्वपूर्ण चीजें भी मौजूद हैं। कहते हैं कि इस बिल्डिंग का नाम हेनरी नॉक्स के नाम पर रखा गया था, जो अमेरिका के पहले युद्ध सचिव हुए थे। हालांकि, सेकेंड वर्ल्ड वॉर के बाद इस जगह को सैन्य ठिकाने की बजाय सोने की भंडारण के लिए इस्तेमाल किया जाने लगा। ये बिल्डिंग करीब 16000 क्यूबिक फीट ग्रेनाइट और साढ़े 4 हजार यार्ड्स कंक्रीट से बनी हुई है। जिसमें हजारों टन स्टील का इस्तेमाल किया गया है। यह बिल्डिंग 1941 में बनकर तैयार हुई थी। इस मुख्य बिल्डिंग को यूनाइटेड स्टेट बुलियन डिपॉजिटरी कहा जाता है।
इसकी दीवारें करीब 3 फीट मोटी हैं। वहीं इसका मेन गेट करीब 20 टन का है। इस इलाके की अपाचे हेलिकॉप्टर से निगरानी की जाती है। स्टील फेसिंग और तगड़ी सुरक्षा की वजह से इसे फोर्ट नॉक्स कहा जाने लगा है। स्टाफ के 10 अलग-अलग लोगों के कॉम्बिनेशन कोड से इस दरवाजे को लॉक किया गया है। इन्हें अपने कोड के अलावा दूसरे स्टाफ मेंबर के कोड नहीं पता होते हैं। फोर्ट नॉक्स में कई सिक्योरिटी लेवल हैं। जिनमें सैनिक सुरक्षा, तकनीकी सुरक्षा, और कमांडो सुरक्षा शामिल हैं। बिल्डिंग की सुरक्षा में कोई सेंधमारी ना हो, इसके लिए समय-समय पर खुफिया तरीके से सैनिक टुकड़ियों को बदल दिया जाता है।
फोर्ट नॉक्स में सोना बार के फॉर्म में रखा हुआ है। जिसे बुलियन भी कहते हैं। ये 99.5% शुद्ध सोना है। हरेक बार का वजन करीब 12.5 किलो या 27.5 पाउंड है। यह अमेरिकी मिंट मानको के अनुरूप 7 इंच लंबा और 3.5 इंच चौड़ा है। निश्चित वजन और आकार के पैमाने पर आधारित इन बार को पूरी तरह से शुद्ध सोना माना जाता है। लंदन बुलियन मार्केट एसोसिएशन (LBMA) ने शुद्ध सोने का ये स्टैंडर्ड बनाया था, जिसे अमेरिका भी मानता है।