Andhra Pradesh News: आंध्र प्रदेश में एक ऑपरेशनल डेमोस्ट्रेशन रिहर्सल के दौरान हुए हादसे में भारतीय नौसेना के दो अधिकारी बाल-बाल बच गए। विशाखापत्तनम में ऑपरेशनल डेमोस्ट्रेशन में भाग लेने वाले भारतीय नौसेना के दो अधिकारी समुद्र में गिर गए। उनके पैराशूट नीचे उतरते समय आपस में उलझ गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार (2 जनवरी) को रामकृष्ण बीच पर पूर्वी नौसेना कमान के ऑपरेशनल डेमोस्ट्रेशन रिहर्सल के दौरान यह दुर्घटना हुई। हालांकि दोनों अधिकारी सुरक्षित समुद्र के किनारे पहुंच गए।
इस दौरान किसी भी अधिकारी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और वे सुरक्षित रूप से किनारे पर पहुंचने में सफल रहे। सोशल मीडिया पर घटना के वायरल वीडियो में दोनों अधिकारियों का पैराशूट एक-दूसरे में तिरंगे के साथ उलझा हुआ दिखाई दे रहा है। और दोनों नौसैनिक गोल-गोल घूमते हुए समुद्र में गिरते दिखाई दे रहे हैं। यह दुर्घटना पूर्वी नौसेना कमान (ENC) के भव्य ऑपरेशनल प्रदर्शन की तैयारियों के दौरान हुई, जिसका आयोजन आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के मुख्य अतिथि के रूप में होना था।
सूत्रों के अनुसार, ये अधिकारी मरीन कमांडो के सदस्य थे, लेकिन टक्कर से बच गए। हवा में उनके पैराशूट उलझ गए थे। घटना के वीडियो में एक अधिकारी राष्ट्रीय ध्वज के साथ उतरते हुए दिखाई दे रहा है। जबकि दूसरे का पैराशूट उलझ गया, जिसके कारण दोनों की ऊंचाई तेजी से कम हो गई। इसके बाद वे बीच के पास पानी में गिर गए।
इसके बाद तुरंत पास में ही तैनात बचाव दल की टीम मौके पर पहुंच गईं। फिर अधिकारियों को सुरक्षित स्थान पर ले गईं। यह घटना समुद्र तट पर रिहर्सल देखने के लिए एकत्रित हुई बड़ी भीड़ के सामने हुई। बहुप्रतीक्षित ऑपरेशनल डेमोस्ट्रेशन में भारतीय नौसेना की उन्नत क्षमताओं को एक सीरीज के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें युद्धपोतों द्वारा उच्च गति के युद्धाभ्यास, लड़ाकू विमानों, हेलीकॉप्टरों और फिक्स्ड-विंग विमानों द्वारा उड़ान संचालन, लाइव स्लिथरिंग ऑपरेशन और MARCOS द्वारा कॉम्बैट फ्री फॉल शामिल हैं।