सांप और नेवला दोनों एक दूसरे के जानी दुश्मन माने जाते हैं। दोनों एक दूसरे को देखते ही बिना भिड़े नहीं रह सकते हैं। वैसे भी नेवला हमेशा सांप के शिकार में रहता है। ऐसे ही मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के हरपालपुर के पास सरसेड गांव का एक वीडियो वायरल हो रहा है। गांव में एक शिव मंदिर है। वहीं बीच रोड में जहरीला सांप और नेवला के बीच जंग शुरू हो गई। रास्ते से जो लोग आ जा रहे थे। सब ठहर गए। सांप और नेवला के बीच जिंदगी और मौत की जंग शुरू होते ही लोगों ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
दोनों की लड़ाई शुरू होते ही देखने वालों के होश उड़ गए। नेवला बार बार दांव पेंच से सांप को परास्त करने में जुटा हुआ था। सांप भी अपने जानी दुश्मन से जंग करने में पीछे नहीं था। फन फैलाकर नेवला पर हमला करने से पीछे नहीं हट रहा था। इधर लोगों की हिम्मत नहीं हो रही थी कि रास्ता पार करके निकल जाएं।
बीच सड़क पर भिड़े सांप और नेवला
वीडियो में सड़क पार करते हुए एक काला नाग दिखाई देता है। नाग सड़क पार करने ही वाला होता है कि इसी बीच वहां एक नेवला आ जाता है। दोनों के बीच देखते ही देखते लड़ाई शुरू हो जाती है। जिस समय सांप और नेवले के बीच ये महायुद्ध चल रहा था। उस समय सड़क पर सन्नाटा पसरा हुआ था। दोनों छोर पर लोग खड़े हुए थे। वहां से गुजर रहे एक रेलकर्मी ने मोबाइल पर सांप नेवले की लड़ाई का वीडियो बना लिया। सांप और नेवले के बीच करीब 10 मिनट तक जंग जारी रही। यह वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। देखने वालों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
पटना एयर पोर्ट पर भिड़ गए थे सांप और नेवला
कुछ महीने पहले पटना एयरपोर्ट के रनवे पर सांप और नेवलों के बीच जमकर लड़ाई हुई थी। इसमें 3 नेवला और काले सांप के बीच लड़ाई हुई थी। हालांकि यह लड़ाई आखिरी जंग तक नहीं पहुंच पाई थी। इसकी वजह ये रही कि लड़ाई के दौरान फ्लाइट आ गई। ऐसे में सभी नेवले मैदान छोड़कर भाग खड़े हुए। इधर सांप भी घास में छिप गया था।