दुनियाभर में बहुत से ऐसे लोग हैं, जो सांप के नाम से थर-थर कांपने लगते हैं। मौत के घाट उतार देने वाले जहर से भरे इन रेंगने वाले जीवों से इंसान तो इंसान जंगल के जंगली जानवर भी खौफ खाते हैं। कहा जाता है कि एक बार सांप अगर भड़क गया तो फिर अपने शिकार की हालत पतली कर देता है। वहीं सोशल मीडिया में सांप से जुड़े कई वीडियो वायरल होते रहते हैं। इस बीच इन दिनों सोशल मीडिया में सांप का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें सांप की जान अटक गई और महिलाओं ने बहादुरी के साथ सांप की जान बचाई।
कहा जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र में एक किसान ने अपने खेत में जानवरों से बचाने के लिए जाल लगाया हुआ था। इस जाल पर एक किंग कोबरा सांप आकर फंस गया। जैसे ही लोगों ने देखा कि जाल में सांप फंसा हुआ तो उनके के होश उड़ गए।
महिलाओं ने सांप की बचाई जान
महिलाओं ने भी जब देखा कि सांप तड़प रहा है तो उन्होंने सांप की जिंदगी बचाने की ठानी। बस फिर क्या था, एक महिला डंडे को सांप के सिर पर हल्के से रखती है। फिर धीरे-धीरे सांप को शांत कराते हुए नीचे बैठाती है। इसके बाद भी वो सांप के सिर पर डंडे को रखे रहती है। इसके बाद वो दूसरी महिला को डंडा पकड़ाती है और सांप को रोक कर रखती है। इस दौरान पहली महिला कैंची से उस जाल को काटती है जिसमें सांप फंसा हुआ था। कुछ ही देर में सांप को जाल से मुक्ति मिल गई। फिर एक शख्स सांप को पकड़ लेता है। बताया जा रहा है कि शख्स ने फिर सांप को सुरक्षित जगह पर छोड़ दिया। फिलहाल दोनों महिलाओं की हिम्मत और सूझबूझ की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है।
इन चीजों से डरते हैं सांप
सांपों को तेज आवाज यानी शोर से भी काफी डर लगता है। एक रिसर्च के मुताबिक सांप अपनी सुनने की क्षमता के जरिए ही खाने की तलाश करते हैं। शिकारियों से दूरी बनाकर रखते हैं। ऐसे में अगर अचानक उनके आसपास तेज शोर होने लगे तो वे सुरक्षित जगह की तलाश में भागने लगते हैं। इतना ही नहीं तेज शोर से उनके कानों को नुकसान भी पहुंचता है। वहीं सांप को तेज गंध से बहुत ज्यादा डर लगता है। मिट्टी का तेल, लहसुन, नींबू, दालचीनी और मिंट की खुश्बू से सांप खासतौर पर घबराते हैं। इसके अलावा सांप तापमान में बदलाव से भी बहुत डरते हैं। धुएं से भी सांप कोसों दूर रहते हैं। घर में अगर सांप घुस गया तो धुआं करके उसे बाहर भगाया जाता है।