राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुई बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हल्की ठंडक और ताजगी भरी हवाओं के बीच दिल्लीवासियों ने बीते कुछ दिनों का आनंद उठाया। हालांकि, ये सुहाना मौसम ज्यादा दिनों तक टिकने वाला नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 2-3 दिनों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे गर्मी का एहसास फिर से होने लगेगा। 17-18 मार्च को दिल्ली में 25-30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30-33 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 15-18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
बदलते मौसम के इस दौर में सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी रह सकती है, लेकिन दिन के समय गर्मी महसूस होगी। ऐसे में लोगों को खुद को तापमान के उतार-चढ़ाव के अनुसार तैयार रखने की जरूरत होगी।
उत्तर प्रदेश में रहेगा साफ मौसम
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, 17-18 मार्च को उत्तर प्रदेश का मौसम साफ रहेगा। इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी यूपी में 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, लेकिन किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 19 मार्च को भी मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 21-22 मार्च को राज्य में बारिश होने की संभावना है।
पहाड़ों में ठंड का असर जारी
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी के बाद अब हालात सामान्य हो रहे हैं। चंबा जिले के पर्यटन स्थलों पर अब पर्यटक बिना किसी परेशानी के घूम सकते हैं। उत्तराखंड के कई जिलों में बर्फबारी और बारिश के चलते मौसम ठंडा बना हुआ है। बद्रीनाथ नेशनल हाईवे समेत कई सड़कें बर्फबारी के कारण बंद हैं। पिथौरागढ़, चमोली और बागेश्वर जिलों में आज बारिश होने की संभावना है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बर्फबारी के चलते रास्ते अभी भी बाधित हैं, जिससे ठंड का असर बना हुआ है।
मध्य प्रदेश और झारखंड में बढ़ी गर्मी
मध्य प्रदेश में मार्च के महीने में गर्मी का प्रकोप तेज हो गया है। हालांकि, मौसम में जल्द बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कुछ जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है। झारखंड में भी गर्मी बढ़ रही है और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। गर्म हवाओं के कारण कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। माना जा रहा है कि 19 मार्च से राज्य में मौसम बदलाव के संकेत मिल सकते हैं।