देश के उत्तर भारत में लोग कड़ाके की ठंड की मार झेल रहे हैं। शीतलहर, कोहरा, बर्फबारी और बारिश के कॉकटेल से पूरा उत्तर भारत कराह रहा है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, जम्मू कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड हरियाणा और राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश हो रही है। दिल्ली-NCR का पूरा इलाका कोहरे की चादर में लिपटा हुआ है। फ्लाइट्स और ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली ही नहीं देशभर के कई राज्य कोहरे की मार झेल रहे हैं। रविवार सुबह देश के 11 स्थानों पर विजिबिलिटी जीरो दर्ज की गई। इसमें दिल्ली का पालम एयरपोर्ट, आगरा एयरपोर्ट, ग्वालियर एयरपोर्ट, गंगानगर, बीकानेर, पटियाला, अंबाला, बहराइच, झांसी, पुरैना और सतना शामिल हैं।
दिल्ली में दिन भर छाए रहेंगे बादल
खराब मौसम और कोहरे की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट प्रभावित हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिन भर दिल्ली के आसमान में बादल छाए रहेंगे। इसके अलावा कोहरा भी परेशान करेगा। दिल्ली में आज (5 जनवरी 2025) न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं कल (6 जनवरी 2025) दिल्ली में बारिश के आसार हैं। इसके बाद राजधानी में ठंड का प्रकोप और ज्यादा बढ़ जाएगा। दिल्ली एयरपोर्ट पर 50 मीटर से भी कम विजिबिलिटी है। जिस वजह से विमान सेवा प्रभावित हो रही है। ऐसे में अभी तक 155 से ज्यादा फ्लाइट्स देरी से उड़ान भर रही हैं। 8 फ्लाइट्स केंसिल कर दी गई हैं। कोहरे की मार ट्रेनों पर भी पड़ी है। दिल्ली पहुंचने वाली 51 ट्रेनें देरी से स्टेशन पहुंच रही हैं।
इन राज्यों में होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, 6 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश/बर्फबारी होगी। आज 5 और कल 6 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में गरज चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है। 6 जनवरी को उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में छिटपुट बारिश/बर्फबारी होगी। 7 और 8 जनवरी को पूर्वोत्तर भारत के सभी 8 राज्यों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।