Weather Update: उत्तर भारत के कई राज्य कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का सामना कर रहे हैं। इससे लोगों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। घने कोहरे की वजह से दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें भी देरी से चल रही है। देश की राजधानी दिल्ली समेत कई हिस्सों में कंपकंपाती ठंड पड़ रही है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। इतना ही नहीं इन राज्यों में बेहद ठंडा तापमान और लगातार कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिन उत्तर भारत में और तीन दिनों तक उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में ठंड और शीतलहर का असर रहेगा।
