National Youth Festival: 'आपके पास इतिहास बनाने का मौका है', 27वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव में युवाओं से बोले पीएम मोदी

National Youth Festival: पीएम मोदी ने आगे कहा कि समय हर किसी को अपने जीवनकाल में एक सुनहरा मौका जरूर देता है। भारत के युवाओं के लिए वो सुनहरा मौका अभी है, अमृतकाल का ये कालखंड है। आज आपके पास मौका है इतिहास बनाने का, इतिहास में अपना नाम दर्ज कराने का...। आप ऐसा काम करिए कि अगली शताब्दी में उस वक्त की पीढ़ी आपको याद करे

अपडेटेड Jan 12, 2024 पर 4:04 PM
Story continues below Advertisement
National Youth Festival: राष्ट्रीय युवा महोत्सव हर साल 12 से 16 जनवरी तक आयोजित किया जाता है

PM Modi in Nashik: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारत के आज के युवाओं को 21वीं सदी की सर्वाधिक भाग्यशाली पीढ़ी बताया, जो अमृत काल के दौरान देश को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने को तैयार है। साथ ही, उन्होंने वंशवादी राजनीति का प्रभाव घटाने के लिए उनसे चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने का भी आग्रह किया। पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के नासिक में 27वें राष्ट्रीय युवा उत्सव (27th National Youth Festival at Nashik) का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वंशवादी राजनीति ने देश को काफी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने युवाओं से यथाशीघ्र मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने का आग्रह किया।

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "हमारे देश के ऋषियों-मुनियों-संतों से लेकर सामान्य मानवी तक, सभी ने हमेशा युवाशक्ति को सर्वोपरि रखा है। श्री अरबिंदो कहते थे कि अगर भारत को अपने लक्ष्य पूरे करने हैं, तो भारत के युवाओं को एक स्वतंत्र सोच के साथ आगे बढ़ना होगा। स्वामी विवेकानंद जी भी कहते थे कि भारत की उम्मीदें भारत के युवाओं के चरित्र और उनकी प्रतिबद्धता पर टिकी है। श्री अरबिंदो और स्वामी विवेकानंद का ये मार्गदर्शन आज 2024 में भारत के युवा के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है।"

पीएम मोदी ने आगे कहा कि समय हर किसी को अपने जीवनकाल में एक सुनहरा मौका जरूर देता है। भारत के युवाओं के लिए वो सुनहरा मौका अभी है, अमृतकाल का ये कालखंड है। आज आपके पास मौका है इतिहास बनाने का, इतिहास में अपना नाम दर्ज कराने का...। आप ऐसा काम करिए कि अगली शताब्दी में उस वक्त की पीढ़ी आपको याद करे। आप अपने नाम को भारत और पूरी दुनिया के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में लिख सकते हैं इसलिए मैं आपको 21वीं सदी के भारत की सबसे सौभाग्यशाली पीढ़ी मानता हूं।


ये भी पढ़ें- PM मोदी ने नासिक में 'स्वच्छता अभियान' में लिया हिस्सा! कालाराम मंदिर में लगाया 'पोछा', बजाए झांझ-मजीरे

उन्होंने कहा, "भारत लोकतंत्र की जननी है। यदि युवा मतदान कर अपने राजनीतिक विचार प्रकट करेंगे तो देश का भविष्य अच्छा होगा।" प्रधानमंत्री ने कहा कि पहली बार मतदान करने वाले लोग भारत के लोकतंत्र में नयी ऊर्जा और शक्ति ला सकते हैं। स्वामी विवेकानंद का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं में प्रतिबद्धता और बुद्धिमत्ता होने के कारण उनमें अमृत काल में इतिहास रचने की क्षमता है।

प्रधानमंत्री ने कहा, "भारत शीर्ष पांच वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। यह अपनी प्रतिबद्धता और युवाओं की क्षमता के कारण शीर्ष तीन स्टार्ट-अप परिवेश वाले देशों की सूची में शामिल है।" उन्होंने अपने संबोधन के दौरान कहा कि भारत में सबसे सस्ता मोबाइल डेटा विश्व के लोगों को चौंका रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।