देश के कई हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। राजस्थान में अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। इस मौसम में अब तक का यह सबसे अधिक तापमान है। हालात ये हो गए हैं कि रात में भी लू चल रही है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्य प्रदेश में कम से कम 24 इलाकों में बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में हालात और ज्यादा खराब होने वाले हैं।
