Weather Forecast: इन राज्यों में आज से लेकर अगले 3 दिनों तक होगी मूसलाधार बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट
IMD के आधिकारिक बयान में उल्लेख किया गया है कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाकों में आज बारिश होने की संभावना है
MoneyControl News
अपडेटेड Mar 04, 2022 पर 6:06 PM
मौसम विभाग के अनुसार, आज तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर जबकि शनिवार को कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है
IMD Weather Forecast: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा पूर्वानुमान में कहा है कि आज यानी शुक्रवार को तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के अलग-अलग इलाकों में हल्की से लेकर मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। IMD ने कहा है कि तमिलनाडु, पुडुचेरी और करईकल में आज से लेकर अगले दो दिनों तक बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में बना कम दबाव वाला क्षेत्र गुरुवार सुबह तमिलनाडु के उत्तरी तट की तरफ बढ़ते समय एक बेहद निम्न दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील हो गया, जिससे वहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
IMD के अनुसार, आज से लेकर अगले 24 घंटे में और भी निम्न दबाव वाले क्षेत्र में बदलने का अनुमान है और अगले 48 घंटे के दौरान यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की तरफ श्रीलंका के पूर्वी तट के साथ-साथ उत्तरी तमिलनाडु तट की ओर बढ़ सकता है।
इन राज्यों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट
- उत्तर तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी शनिवार को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ेंगे। वहीं, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी इसी तरह की स्थिति बने रहने की संभावना है।
- IMD ने चेतावनी दी है कि रविवार और सोमवार को तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।
- मौसम विभाग ने कहा कि शुक्रवार से रविवार तक दक्षिण-पश्चिम और इससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी, मन्नार की खाड़ी, कोमोरिन क्षेत्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों पर समुद्र की स्थिति बहुत खराब रहने वाला है।
- शुक्रवार से शनिवार तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट गरज के साथ छिटपुट बारिश या बर्फबारी और बिजली गिरने की संभावना है।
- IMD ने कहा है कि शुक्रवार और शनिवार को पश्चिम-मध्य तथा उससे सटी दक्षिण-पश्चिम खाड़ी और उत्तरी तमिलनाडु तथा आंध्र प्रदेश के तटों पर 45-55 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने और मौसम खराब रहने की आशंका है।
- मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। विभाग के अनुसार, शुक्रवार को तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने, जबकि शनिवार को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है।
- विभाग ने तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है और मछुआरों को दक्षिण बंगाल की खाड़ी तथा उससे सटे हिंद महासागार, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन इलाके में पांच मार्च तक समुद्र में न उतरने को कहा है।
- आईएमडी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में शुक्रवार को गरज एवं बिजली के साथ व्यापक रूप से बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
- आधिकारिक बयान में यह भी उल्लेख किया गया है कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाकों में आज बारिश की संभावना है। इसके अलावा छह से आठ मार्च के दौरान एक और ताजा बारिश हो सकती है और छह मार्च को जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश की संभावना है।
- अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट हल्की बारिश होने की संभावना है। आधिकारिक बयान के अनुसार, 04 मार्च को हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और राजस्थान में तेज हवाएं (25-35 किमी प्रति घंटे की गति) और उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों के अधिकांश हिस्सों में प्रबल होने की संभावना है।