Monsoon 2022: जल्द मिलेगी भीषण गर्मी से राहत! केरल में इस दिन पहुंचेगा मानसून, जानें आपके राज्य में कब होगी झमाझम बारिश

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में मानसून इस बार समय से पहले दस्तक दे सकता है

अपडेटेड May 20, 2022 पर 2:30 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
आम तौर पर केरल में एक जून को मानसून पहुंचता है (फाइल तस्वीर)

Monsoon 2022: देश के कई राज्यों में इस वक्त भीषण गर्मी पड़ रही है। लोग इतने परेशान हैं कि वे मानसून की बारिश का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने मानसून को लेकर अच्‍छी खबर दी है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर जल्दी पहुंचने के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून केरल की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह के मध्य तक केरल में इसके दस्तक देने की संभावना जताई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार की शाम को बताया कि सप्ताह के अंत तक केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल बनी रहेंगी। यदि इस सप्ताह के अंत तक केरल में दक्षिण पश्चिम मानसून की शुरुआत होती है, तो हाल के वर्षों में ऐसा पहली बार होगा।

1 जून को पहुंचता है मॉनसून


इससे पहले मानसून 2009 में 23 मई को केरल पहुंचा था। मौसम विभाग ने पांच दिन पहले 27 मई तक केरल में मानसून के शुरूआत की भविष्यवाणी की थी। आम तौर पर केरल में एक जून को मानसून पहुंचता है।

ये भी पढ़ें- Azam Khan Release: 27 महीने बाद सपा नेता आजम खान जेल से रिहा, शिवपाल ने किया स्‍वागत

मौसम विभाग के एक वैज्ञानिक ने पीटीआई से कहा कि सप्ताह में कई दिन केरल तथा तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश होने का अनुमान है। बता दें कि गुरुवार को बाड़मेर में 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान है।

दिल्ली में मौसम का हाल

IMD के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में मानसून समय से पहले दस्तक दे सकता है। राजधानी में आज तेज हवाएं चलने के आसार हैं। दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और शाम को गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। IMD के मुताबिक, शुक्रवार को 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 44 डिग्री सेल्सियस और 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।