Weather Update: दिल्ली में बढ़ रही गर्मी, तापमान ने पकड़ी रफ्तार, मौसम विभाग का अलर्ट जारी
Weather Update: होली से पहले ही उत्तर भारत में गर्मी ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान में तापमान बढ़ रहा है, जिससे लोग पंखे-कूलर चलाने लगे हैं। वहीं, पहाड़ी राज्यों में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं, जहां बारिश और बर्फबारी से ठंड दोबारा लौट सकती है
Weather Update: उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है।
उत्तर भारत में होली से पहले ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। सर्दी पूरी तरह विदा लेने की तैयारी में है, और अब दिन के समय चुभती हुई धूप लोगों को गर्मी का अहसास कराने लगी है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोग अब पंखे-कूलर चलाने लगे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 12 मार्च 2025 को इन राज्यों में मौसम शुष्क बना रहेगा, जबकि पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। दिल्ली-NCR में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है।
यहां न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है, जबकि अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में बदले मौसम के चलते कुछ इलाकों में ठंड वापस लौट सकती है।
यूपी-बिहार में तापमान में बढ़ोतरी जारी
उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है। रात के समय हल्की ठंड का एहसास हो सकता है, लेकिन दिन चढ़ते ही गर्मी तेज हो रही है। 11 मार्च 2025 को लखनऊ, नोएडा और गाजियाबाद में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जिससे दोपहर में गर्मी का असर महसूस किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। बिहार में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। अगले तीन दिनों में राज्य में अधिकतम तापमान और बढ़ने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर और ज्यादा महसूस किया जाएगा।
पहाड़ी राज्यों में बदलेगा मौसम
उत्तराखंड में एक बार फिर ठंड लौट सकती है। 12 मार्च 2025 को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है, जबकि होली के दौरान भी बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश में 12 से 14 मार्च तक मौसम खराब रह सकता है, जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है, जिससे कुल्लू और लाहौल घाटी की कई सड़कें बंद हो गई हैं।जम्मू-कश्मीर में भी 12 मार्च से अगले चार दिनों तक पर्वतीय इलाकों में बारिश की संभावना है। मौसम के इस बदलाव से पहाड़ी राज्यों में ठंड का असर एक बार फिर देखने को मिल सकता है।