देश के कई राज्य इन दिनों भीषण ठंड की मार झेल रहे हैं। कुछ राज्यों में बारिश, ठंड और कोहरे के अटैक से लोगों की हालत खस्त हो गई है। इस बीच दिल्ली-एनसीआर मौसम का मिजाज बदल गया है। पिछले कई दिनों से जारी शीतलहर के बीच उत्तर भारत में अब बारिश से और ज्यादा मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली समेत कई राज्यों में आज सुबह से ही घना कोहरा भी देखने को मिल रहा है। वहीं पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट जारी है। मौसम विभाग का कहना है कि आज दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में बूंदाबांदी हो सकती है।
इसबीच हिमाचल प्रदेश में रविवार को मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का अनुमान लगाया है। लाहौल-स्पीति के ताबो सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान -10.2°C दर्ज किया गया। इसके बाद समधो में -5.9°C, कुकुमसेरी -4.9°C और मनाली में -0.9°C रहा। मौसम विभाग ने बताया कि 1 से 11 जनवरी के बीच सामान्य से 91 फीसदी कम बारिश हुई, क्योंकि राज्य में 20.6 mm के मुकाबले सिर्फ 2 mm बारिश हुई। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, 2024 में पिछले पांच दशकों का सबसे सूखा रहा। पिछले साल 870.9 mm बारिश हुई जो सामान्य से 29 फीसदी कम है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली में आज (12 जनवरी 2025) सुबह घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही। इसकी वजह से कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों जैसे करावल नगर, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, शाहदरा, विवेक विहार, प्रीत विहार, जाफरपुर, नजफगढ़, द्वारका, अक्षरधाम, अयानगर और डेढ़मंडी में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। रविवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार शाम को हल्की बारिश हुई थी। शहर का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर मौसम विभाग ने रविवार को तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शनिवार को तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में 70 मिलीमीटर से भी अधिक बारिश दर्ज की गई थी।
यूपी के कई इलाकों में घना कोहरा
यूपी के कई जिलों में भी मौसम विभाग ने हल्की बारिश और कोहरे की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में आज बूंदाबांदी होगी। इसके अलावा घना कोहरे की भी चेतावनी जताई गई है। आज यूपी के बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र और मिर्जापुर में कोहरा और बारिश के आसार हैं। वहीं पश्चिमी यूपी के गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, मथुरा और एटा में बारिश हो सकती है।
हिमाचल में आज बर्फबारी के आसार
वहीं, पहाड़ों पर भी सर्दी का सितम जारी है। हिमाचल प्रदेश में ठंडी हवाओं का असर जारी है। स्थानीय मौसम विभाग ने रविवार को निचले इलाकों और मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश, जबकि मध्य और उच्च पहाड़ियों में अलग-अलग स्थानों पर बर्फबारी की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने कहा कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 14 जनवरी 2025 की रात से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।