जनवरी का एक पखवाड़ा बीत गया है। कई राज्यों में शीतलहर और कोहरे का डबल डोज जारी है। दिल्ली में कोहरे का असर कम नहीं हो रहा है। वहीं कड़ाके की ठंड से लोग ठिठुर रहे हैं। दिल्ली वालों के लिए राहत की बात यह है कि दिन में अच्छी धूप निकल रही है। पहाड़ी राज्यों में अभी भी ठंड अपने चरम पर है। वहीं यूपी-राजस्थान में अभी भी गलावट का दौर जारी है। दिल्ली से लगे फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के लिए आईएमडी ने कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में रविवार (19 जनवरी) को घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। जबकि इस दौरान अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। 24 जनवरी तक कोहरा छाया रहेगा। दिल्ली में 22 और 23 जनवरी को बारिश होने की आशंका जताई गई है।
कोहरे की चादर में सिमटी दिल्ली
देश की राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग ने कोहरे के लिए येलो लर्ट जारी किया है। IMD की रिपोर्ट के अनुसार, आज दिल्ली के कुछ इलाकों में धुंध छाई रहेगी। शाम के समय कोहरा ज्यादा बढ़ने की संभावनाएं हैं, जिससे ड्राइविंग करने में दिक्कतें हो सकती हैं। 22 2 और 23 जनवरी को आसमान में बादल छाए रहेंगे। 22 जनवरी की शाम और रात को हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आ सकती है। अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 24 जनवरी को मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
जानिए पहाड़ी राज्यों में मौसम का हाल
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो आज जम्मू-कश्मीर में ठंड अपना असर दिखाएगी। कोहरे या शीतलहर का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। पहलगाम, कुपवाड़ा, श्रीनगर, कुकरनाग जैसे इलाकों में आज भी तापमान माइनस में रहेगा। उत्तराखंड की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की आशंका जताई गई है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। 22 और 23 जनवरी को उत्तराखंड में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इधर हिमाचल प्रदेश में आज मौसम साफ रहेगा पर ठंड अपना असर दिखाएगी। 22 जनवरी को यहां शीतलहर चलने की संभावना है।