देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। बर्फीली हवाओं की वजह से तापमान में भारी कमी आई है। इससे लोग ठिठुरने लगे हैं। दिल्ली के मौसम विभाग ने अभी तापमान में और ज्यादा गिरवाट की आशंका जताई है। वहीं मौसम विभाग ने शनिवार के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय दिल्ली-यूपी के के कई इलाके कोहरे की चादर में लिपटे हुए नजर आए। भीषण कोहरे की वजह से कई इलाकों की विजिबिलिटी शून्य हो गई है। बीते बुधवार और गुरुवार सुबह को राजधानी में बारिश हुई थी। जिसके बाद फिर से राजधानी में बारिश होने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले हफ्ते दो दिन बारिश होने का अनुमान जताया है।
दरअसल, उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के इलाकों पर पश्चिमी विक्षोभ था। अब यह उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों पर आ गया है। वहीं एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 18 जनवरी से और दूसरा 22 जनवरी से एक्टिव हो सकता है। यह उत्तर पश्चिम भारत में नजर आ सकता है। नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से देश के कई राज्यों के मौसम में बदलाव नजर आएगा। यही वजह है कि कई राज्यों में बारिश हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर के आसमान में सुबह से ही घना कोहरा और बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहने का अनुमान जताया है। आईएमडी के अनुसार, अगले तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इसके बाद ऐसे ही 21 और 22 जनवरी को भी मौसम विभाग के मुताबिक तेज बारिश से एनसीआर के लोगों का सामना होगा और दोनों ही दिन अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। बारिश की वजह से ठंड और अधिक बढ़ सकती है। ऐसे में कहा जा सकता है कि दिल्ली-एनसीआर के लोगों को ठंड से फिलहाल कोई राहत नहीं मिलने वाली है। इसके अलावा पूरे उत्तर भारत में तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है।
यूपी में ठंडी हवाओं का प्रकोप
वहीं यूपी की बात करें तो यहां भी ठंड से लोगों को राहत नहीं मिलने वाली है। यूपी में अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश, घने कोहरे और ठंडी हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तरी राज्यों में 18 से 21 जनवरी तक बादलों की आवाजाही और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं लखनऊ स्थित अमौसी मौसम केंद्र के अनुसार शुक्रवार को यूपी में सबसे कम तापमान इटावा में रिकॉर्ड किया गया, जो 6.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सबसे ज्यादा तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस बांदा में रिकॉर्ड किया गया।
बिहार में ठंड से राहत नहीं
इसी तरह से बिहार में भी ठंड से लोगों का हाल बेहाल है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन में राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। राज्य के अधिकांश भागों में अगले तीन दिन तक कोल्ड डे की स्थिती बनी रह सकती है। इसके बाद राज्य के तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। यानी मौसम विभाग के अनुसार 19 जनवरी तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में शीत दिवस यानी कोल्ड डे जैसी स्थिती बनी रह सकती है। हालांकि अनुमान लगाया जा रहा है कि 26 जनवरी से मौसम में सुधार होना शुरू हो सकता है।
कश्मीर में बर्फबारी के बाद ज्यादातर इलाकों में तापमान में भारी गिरावट आई है। मौसम विभाग ने यहां अगले तीन दिनों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग ने कश्मीर में 19 जनवरी तक मुख्य रूप से मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है। 20 से 22 जनवरी तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। वर्तमान में कश्मीर घाटी ‘चिल्ला-ए-कलां’ (सर्वाधिक ठंड की अवधि) की चपेट में है, जो 21 दिसंबर से शुरू हुआ था।
हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीत लहर जारी है। आज सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। वहीं कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई। हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में पारा एक से पांच डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में तापमान 6-10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।