देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज कुछ बदला हुआ नजर आ रहा है। दिल्ली में फरवरी के महीने में ही तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास होने लगा है। फिलहाल सिर्फ सुबह और शाम में गुलाबी ठंड पड़ रही है। ठंड कम होने के साथ ही लोगों ने गर्म कपड़ों को विदाई करना शुरू कर दिया है। इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गया है। जिससे कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। इसमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब जैसे कई राज्य शामिल हैं।
स्कईमेट के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 18 से 20 फरवरी के बीच बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान तापमान में गिरावट देखने को मिलेगा। जिससे ठंड जैसी स्थिति बन सकती है। उत्तराखंड में सिर्फ बादल छाए रहने और तेज हवाओं के चलने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-NCR बारिश की संभावना
दिल्ली NCR में फरवरी के महीने में तेज धूप सताने लगी है। लोग रात में अब हल्के कंबल ओढ़कर सोने लगे हैं। वहीं सुबह-शाम गुलाबी ठंडी का एहसास भी हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में बीती सुबह सोमवार 17 फरवरी 2025 को न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 अधिक है। आज दोपहर यह 28-20 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है। राजधानी दिल्ली में 18 से 20 फरवरी के बीच दक्षिणी दिल्ली समेत आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 294 दर्ज किया गया जो "खराब" श्रेणी में आता है।
राजस्थान में नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण मंगलवार 18 फरवरी 2025 को कई जगहों पर बादल छाए रह सकते हैं। कई इलाकों में बारिश होने की भी उम्मीद जताई गई है। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक 18-20 फरवरी 2025 के दौरान पश्चिमी विक्षोभ से राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। 18 फरवरी 2025 को जयपुर और बीकानेर के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अगले दो दिनों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मुरादाबाद, बरेली, मेरठ, बिजनौर, गाजियाबाद, नोएडा और सहारनपुर समेत कई जिलों में बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीं बिहार में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी के असर से तापमान में गिरावट आ सकती है।
दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों का हाल
झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। इन राज्यों में तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। जिससे मार्च जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है। उधर केरल में भीषण गर्मी को देखते हुए लू और "सनबर्न" की चेतावनी जारी की गई है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम और सिक्किम में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते तेज बारिश और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है।