भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को केरल (Kerala) के नौ जिलों में आज के लिए ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है, जबकि बुधवार को सात जिलों के लिए इसे जारी कर भारी बारिश का संकेत दिया है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में अलग-अलग जिलों में जारी बहुत भारी बारिश (Heavy Rainfall) का संकेत देने वाला रेड अलर्ट (Red Alert) वापस ले लिया गया है। मगर देश के अलग-अलग मौसम पूर्वानुमान केंद्रों ने राज्य भर में अलग-अलग भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
IMD ने एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझीकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि, कल के लिए एर्नाकुलम और इडुक्की में ऑरेंज अलर्ट नहीं है।
केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मंगलवार को कहा कि लक्षद्वीप क्षेत्र के पास स्थित चक्रवाती परिसंचरण केरल की ओर बढ़ गया है। राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
IMD ने कहा, "मछुआरों को इन समुद्री क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी जाती है।" केरल में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है और इसने राज्य के कुछ स्थानों पर सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।
अधिकारियों को किसी भी स्थिति से निपटने के निर्देश
इस महीने के अंत तक दक्षिण-पश्चिम मानसून के आने की उम्मीद के बावजूद भारी बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने जिला कलेक्टरों की एक बैठक बुलाई थी। अधिकारियों को किसी भी स्थिति से निपटने के निर्देश जारी किए थे। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने पहले ही केरल में पांच टीमों को तैनात कर दिया है।
रेड अलर्ट 24 घंटों में 20 सेंटीमीटर से ज्यादा की भारी से बेहद भारी बारिश का संकेत देता है। जबकि ऑरेंज अलर्ट का मतलब 6 सेंटीमीटर से लेकर 20 सेंटीमीटर बारिश तक बहुत भारी बारिश है। येलो अलर्ट का मतलब है 6 से 11 सेंटीमीटर के बीच भारी बारिश।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने लोगों से बारिश कम होने तक नदियों और दूसरे जलाशयों से दूर रहने को कहा है। SDMA ने लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा न करने के लिए भी कहा है। खासकर जब तक कि यह कोई आपात स्थिति न हो और बारिश कम होने तक रात की यात्रा से बचें।
जिला प्रशासन ने तटीय इलाकों के आसपास रहने वाले लोगों को हाई टाइड की चेतावनी भी दी है। IMD ने पहले भविष्यवाणी की थी कि दक्षिण-पश्चिम मानसून, जिसे राज्य में एडवापति के नाम से भी जाना जाता है। उसके केरल में सामान्य शुरुआत की तारीख से पांच दिन पहले 27 मई तक पहली बारिश होने की संभावना है।